Jharkhand News: झारखंड के लातेहार में दो नक्सली ढेर, ₹10 लाख तक के थे इनामी

ये दोनों खूंखार नक्सली झारखंड जन मुक्ति परिषद नामक संगठन के सदस्य थे। समूह का एक और सदस्य घायल हुआ है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर गढ़चिरौली जिले में पुलिस की विशेष कमांडो इकाई सी-60 और CRPF ने शुक्रवार को संयुक्त अभियान के तहत मुठभेड़ में 4 माओवादियों को मार गिराया

अपडेटेड May 24, 2025 पर 10:22 AM
Story continues below Advertisement
झारखंड में सुरक्षाबलों का अभियान अभी जारी है।

झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को सुरक्षाबलों की कार्रवाई में ‘झारखंड जन मुक्ति परिषद’ (JJMP) के दो खूंखार नक्सली पप्पू लोहरा और प्रभात गंझू मारे गए। इनमें से लोहरा पर 10 लाख रुपये और गंझू पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि समूह का एक और सदस्य घायल हुआ है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से एक इंसास राइफल बरामद की गई है।

JJMP का शीर्ष नेता पप्पू लोहरा और उसका एक अन्य सहयोगी लातेहार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जंगल में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और झारखंड पुलिस के नक्सल रोधी संयुक्त अभियान के दौरान मारे गए। पीटीआई के मुताबिक, पलामू के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाई एस रमेश ने कहा कि पुलिस ने उनके शव बरामद कर लिए हैं। लोहरा और उसके साथियों के जंगल में होने की सूचना मिलने पर लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मियों की एक टीम ने तलाश अभियान शुरू किया।

पुलिस के मुताबिक, ‘‘जैसे ही माओवादियों ने सुरक्षाकर्मियों को देखा, उन्होंने उन पर निशाना साधते हुए गोलीबारी की जिसके बाद सुरक्षाबलों के कर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में लोहरा और जेजेएमपी का एक अन्य सदस्य प्रभात गंझू मारा गया।’’ सुरक्षाबलों का अभियान अभी जारी है।


गढ़चिरौली में 4 माओवादी मारे गए

महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर गढ़चिरौली जिले में पुलिस की विशेष कमांडो इकाई सी-60 और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने शुक्रवार को संयुक्त अभियान के तहत मुठभेड़ में 4 माओवादियों को मार गिराया। पीटीआई के मुताबिक, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बयान में कहा कि कवांडे इलाके में हाल ही में खोले गए एफओबी (फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस) के पास महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर गुरुवार दोपहर एक अभियान शुरू किया गया। 10 से अधिक सी-60 पार्टियों (300 कमांडो) और CRPF के एक दल ने भारी बारिश के बीच कवांडे और नेलगुंडा क्षेत्रों से इंद्रावती नदी के तट की ओर अभियान शुरू किया।

पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शुक्रवार की सुबह जब घेराबंदी और तलाश की जा रही थी, तभी माओवादियों ने सी-60 कमांडो पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। करीब दो घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही और बाद में सुरक्षा बलों ने 4 माओवादियों के शव बरामद किए। घटनास्थल से एक ऑटोमेटिक ‘सेल्फ-लोडिंग राइफल’, दो .303 राइफल, एक भरमार बंदूक, वॉकी-टॉकी, शिविर सामग्री और नक्सली दस्तावेज बरामद किए गए।

हरियाणा ने Probo, SportsBaazi जैसे ओपिनियन ट्रेडिंग ऐप किए बैन, MPL Opinio ने बंद किए ऑपरेशंस

छत्तीसगढ़ में 33 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में शुक्रवार को 33 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से 24 नक्सलियों पर कुल 91 लाख रुपये का इनाम है। दो दिन पहले बुधवार को सुरक्षाबलों ने बीजापुर-नारायणपुर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ के जंगल में हुई मुठभेड़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू समेत 27 नक्सलियों को मार गिराया था। बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के मुताबिक, 9 महिलाओं सहित कुल 24 नक्सलियों ने अमानवीय माओवादी विचारधारा, स्थानीय आदिवासियों पर अत्याचार और प्रतिबंधित संगठन के भीतर बढ़ते मतभेदों से निराश होकर सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।