Uday Bhanu Chib Arrest: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026' के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के नेशनल प्रेसिडेंट उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के बाद उनके साथ एकजुटता दिखाई है। उन्होंने यूथ कांग्रेस के सदस्यों को 'बब्बर शेर' करार देते उनके शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन की तारीफ की है। उदय भानु चिब का समर्थन करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक विरासत है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है।
राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने 'COMPROMISED PM' के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है।"
कांग्रेस नेता ने आगे आरोप लगाया, "अमेरिका के साथ हुए Trade Deal में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा। इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और IYC के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है।"
राहुल गांधी ने आगे कहा, "कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। डरो मत- सच और संविधान हमारे साथ हैं।" इसके साथ ही उन्होंने अपने पोस्ट में #IStandWithYouthCongress का इस्तेमाल किया है।
इसके अलावा कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी उदय भानु चिब को गिरफ्तार किए जाने पर नाराजगी जताई है। खेड़ा ने ANI से कहा, "बहुत शर्म की बात है कि शांतिपूर्ण आंदोलन करने में भी आपको दिक्कत होती है। तानाशाह को परेशानी होती है। तानाशाह को किसी ने आइना दिखाया तो वो उसको जेल में डाल देगा।"
कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा, "हम ये जानना चाहते हैं कि क्या पुलवामा के सारे आंतकी गिरफ्तार हो गए, क्या पहलगाम हमले के सारे आतंकी गिरफ्तार हो गए। क्या लाल किले बम ब्लास्ट के सारे आतंकी गिरफ्तार हो गए...एक टी शर्ट उतारने से आप डर जाते हो लेकिन देश में आतंकी हमले हो जाते हैं और आप गिरफ्तारी नहीं कर पाते हो...ये इस सरकार की सच्चाई है।"
इंडियन यूथ कांग्रेस के नेशनल प्रेसिडेंट उदय भानु चिब को AI इम्पैक्ट समिट के दौरान 'भारत मंडप' में शर्टलेस प्रोटेस्ट करने के मामले में कई राउंड की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। AI समिट में शर्टलेस प्रोटेस्ट करने के मामले में तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में करीब 15 घंटे की पूछताछ के बाद चिब को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चिब ने पूछताछ के दौरान कोऑपरेट नहीं किया और इन्वेस्टिगेटर्स को गुमराह करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनके पास उनके खिलाफ काफी सबूत हैं। चिब को अब कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में यह आठवीं गिरफ्तारी है। उन्होंने हाल ही में हुए इंडिया-US अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के फ्रेमवर्क की आलोचना करते हुए कहा कि यह किसानों, टेक्सटाइल इंडस्ट्री और देश की डेटा सिक्योरिटी के हितों से समझौता करता है।
सीनियर कांग्रेस लीडर ने चिब और दूसरे यूथ कांग्रेस वर्कर्स की गिरफ्तारी के बाद केंद्र की और आलोचना की। उन्होंने इस कदम को तानाशाही सोच और कायरता का सबूत बताया। चिब को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसमें धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास या भाषा के आधार पर अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के लिए धारा 196 भी शामिल है। ये एक गैर-जमानती अपराध है।