बिहार में चुनावी साल है और इस साल के अंत तक राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं चुनावी साल में बिहार में कई लोकलुभावन वादे भी किए जा रहे हैं। बता दें कि कुछ दिनों पहले बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 125 यूनिट तक फ्री बिजली देने का एलान किया है। जिन घरों में 125 या इससे कम की खपत है, उनका अगस्त में आने वाला बिजली बिल (Electricity Bill) शून्य रहेगा। वहीं बिहार सरकार के इस योजना पर उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है।
एके शर्मा ने कसा तंज
उत्तर प्रदेश के ऊर्जा और शहरी विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा पर तंज कसते हुए कहा कि बिजली तभी मुफ़्त होगी जब सप्लाई ही होगी। एके शर्मा ने कहा, "बिहार में बिजली मुफ्त है, लेकिन तभी जब बिजली आएगी... न बिजली आएगी, न बिल आएगा... तो सब मुफ़्त ही हो जाएगा। हम तो बिजली दे भी रहे हैं।"यह बयान उन्होंने मथुरा में दिया, जिसे समाचार एजेंसी पीटीआई ने रिपोर्ट किया है।
#WATCH | Mathura: "...'Na bijli aayegi na bill aayega... free ho gayi. Hum bijli de rahe hain'. Electricity is free in Bihar, but it will be free only when electricity will be supplied..." says Uttar Pradesh Energy and Urban Development Minister AK Sharma on being asked about… pic.twitter.com/AuNULq3iZD
— ANI (@ANI) July 19, 2025
बता दें कि नीतीश कुमार ने हाल ही में ऐलान किया था कि 1 अगस्त से बिहार में हर घर को 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। वहीं उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का ये बयान इस ऐलान के बाद ही आया है।
125 यूनिट बिजलू फ्री देने का ऐलान
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि अब राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए लिखा, "हम शुरू से ही लोगों को सस्ती बिजली देते आए हैं। अब तय किया गया है कि 1 अगस्त 2025 से, यानी जुलाई के बिलिंग चक्र से, 125 यूनिट तक बिजली के लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा।" मुख्यमंत्री ने बताया कि इस फैसले से पूरे बिहार के करीब 1.67 करोड़ परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा। फिलहाल इस योजना को कैबिनेट द्वारा शुक्रवार को मंजूरी भी दे दी गई है।
बिहार चुनाव से पहले बड़े वादे
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह वादा किया है कि आने वाले तीन वर्षों में राज्य के लोगों को और ज़्यादा फायदा देने के लिए उनकी छतों पर सौर ऊर्जा पैनल लगाए जाएँगे। यह काम लोगों की सहमति लेने के बाद किया जाएगा।लनीतीश कुमार ने कहा, "हमने तय किया है कि अगले तीन सालों में घरेलू उपभोक्ताओं की मंज़ूरी लेकर उनकी छतों या आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर सोलर पैनल लगाए जाएँगे, ताकि उन्हें और ज़्यादा लाभ मिल सके।"
चुनावी माहौल में मुख्यमंत्री ने पहले भी कई बड़े ऐलान किए हैं। 16 जुलाई को उन्होंने शिक्षा विभाग को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की अगली शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी शुरू करने को कहा था। इसके तहत एक लाख से ज़्यादा शिक्षकों की भर्ती होगी। इससे पहले, 13 जुलाई को, नीतीश कुमार ने अगले पाँच साल (2025-2030) में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोज़गार देने का वादा किया था।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।