UP : खाते में अचानक आए 9,99,49,586 रुपये, ATM पर महिला को लगा झटका...हैरान कर देगा ये मामला

बता दें कि, महिला का नाम सीता है। उसने बताया कि इस पैसे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उसने साफ कहा, “हमें नहीं पता कि यह पैसा कैसे आया। जिसका भी यह पैसा है, वह इसे वापस ले जाए।” सीता के पति फरजान ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने बताया कि उनका परिवार खेती-बाड़ी करके अपना गुजारा करता है और इस पैसे पर उनका कोई हक नहीं है

अपडेटेड Mar 29, 2026 पर 2:44 PM
Story continues below Advertisement
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक साधारण सा काम अचानक बड़ी हैरानी में बदल गया।

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी ज़िले में एक साधारण सा काम अचानक बड़ी हैरानी में बदल गया। एक महिला एटीएम पर अपना बैलेंस चेक करने गई थी, लेकिन जो उसने देखा, उस पर उसे यकीन ही नहीं हुआ। उसके बैंक खाते में करीब 10 करोड़ रुपये जमा दिख रहे थे। इस घटना ने वहां मौजूद लोगों को चौंका दिया और बैंकिंग सिस्टम को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए। यह महिला का खाता बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा में है। परिवार वालों के अनुसार, उसके खाते में अचानक 9,99,49,586 रुपये आ गए, जिसे देखकर सभी लोग दंग रह गए।

ATM पर परिवार को लगा जोर का झटका!

एटीएम पर बैलेंस चेक करते ही इस परिवार को बड़ा झटका लगा। महिला के बेटे अरुण कुमार ने बताया कि वह एटीएम पर पिन बनाने और बैलेंस देखने गया था, तभी स्क्रीन पर बहुत बड़ी रकम दिखाई दी। उसने कहा, “जब मैंने बैलेंस चेक किया तो उसमें करीब 9 करोड़ रुपये दिख रहे थे। हमें बिल्कुल नहीं पता कि यह पैसा कहां से आया है।” उसने यह भी बताया कि जैसे ही बैंक खुलेगा, पूरा परिवार बैंक जाकर इस मामले की जानकारी देगा।


बता दें कि, महिला का नाम सीता है। उसने बताया कि इस पैसे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उसने साफ कहा, “हमें नहीं पता कि यह पैसा कैसे आया। जिसका भी यह पैसा है, वह इसे वापस ले जाए।” सीता के पति फरजान ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने बताया कि उनका परिवार खेती-बाड़ी करके अपना गुजारा करता है और इस पैसे पर उनका कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा, “जैसे ही बैंक खुलेगा, हम खुद जाकर यह पैसा वापस कर देंगे।”

एटीएम पर बैलेंस चेक करने का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इस मामले को लेकर बैंक ऑफ इंडिया की सुल्तानगंज शाखा के अधिकारियों ने इसे एक तकनीकी गड़बड़ी बताया है। शाखा प्रबंधक ने कहा कि महिला का पहले से बैंक में एक लोन खाता था। अगर वह समय रहते बैंक से संपर्क करती, तो इस समस्या को आसानी से सुलझाया जा सकता था। इस घटना के बाद बैंकिंग सिस्टम की सटीकता को लेकर लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है। अब उम्मीद की जा रही है कि बैंक अधिकारी जल्द ही पूरे मामले की जांच करेंगे और इस तकनीकी गड़बड़ी को ठीक करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।