Hapur Road Accident: उत्तर प्रदेश से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यूपी के हापुड़ में धौलाना-गुलावटी रोड पर बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 6 लोगों की मौत हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में कम से कम 7 लोग घायल हैं। हापुड़ पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बस में कुल 12 लोग सवार थे।
हापुड़ के SP ज्ञानंजय सिंह ने कहा, "शादी की बारात से लौट रहे यात्रियों से भरी एक बस की धौलाना-गुलावटी रोड पर एक ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फिर जांच की और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जिनमें से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 7 घायल लोगों का इलाज चल रहा है।"
अधिकारी ने आगे बताया, "ट्रक को मौके से हटा दिया गया है। अब ट्रैफिक की स्थिति सामान्य है। मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। कानूनी कार्रवाई चल रही है। बस में कुल 12 लोग सवार थे। उनमें से एक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। संभवतः वह बस का ड्राइवर था।"
इससे पहले मथुरा जिले में रविवार को एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट जाने से 12 यात्री घायल हो गए। घटना नौझील थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के नोएडा-आगरा रूट पर हुई। पुलिस ने बताया कि डबल डेकर बस नोएडा से दरभंगा जा रही थी। उसमें 72 यात्री सवार थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस और स्थानीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बस की खिड़कियां तोड़कर फंसे हुए यात्रियों को बचाया। पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सभी घायल यात्रियों को नौझील में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।" अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह रोडवेज की तेज रफ्तार बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि उसका बेटा और ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान स्वाति सिंह (28) के रूप में हुई है। वह अपने ससुर रामप्रताप सिंह और एक वर्षीय बेटे क्रियांश के साथ कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सिसवा शुक्ल गांव से गोरखपुर आ रही थीं। वे बच्चे के इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज जा रहे थे।