देश में इन दिनों मौसम का अजीब ही रूप देखने को मिल रहा है। देश में कहीं भीषण गर्मी पड़ी रही है तो वहीं कई हिस्सों में भारी बारिश ने लोगों का जनजीवन व्यस्त कर रखा है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम के इस रुख से हैरान हैं। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक इसके पीछे कई वेदर सिस्टम एक साथ सक्रिय हो गई हैं. भूमध्य सागर से उठा पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR के साथ ही साथ पहाड़ी राज्यों में अगले 48 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं। पहाड़ी राज्यों में अगले दो दिन मौसम बिगड़ने वाला है, जिसे लेकर वहां यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले 48 घंटे होगी भारी बारिश
बता दें कि, मौसम विभाग ने 12 और 13 मई के लिए उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राज्य के कई इलाकों, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश और खराब मौसम की संभावना है। 12 मई को 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। प्रशासन ने चारधाम यात्रियों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
पहाड़ों पर यात्रा करने वालों के लिए जारी हुआ अलर्ट
वहीं ऑरेंज अलर्ट के बीच गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने आगे कहा कि, यात्रा पर निकलने से पहले लोग मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने खास तौर पर 12 और 13 मई को यात्रा करने वाले लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है। उन्होंने यह भी सलाह दी कि अगर संभव हो तो मौसम साफ होने के बाद ही यात्रा करें, ताकि सफर सुरक्षित और आरामदायक बना रहे। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरी हो सके।
दिल्ली में भी बदलेगा मौसम
वहीं बदलते मौसम का असर राजधानी दिल्ली पर भी दिखने वाला है। राजधानी दिल्ली में 11-13 मई तक मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक जा सकता है। वहीं 14 मई से मौसम साफ हो जाएगा। 16 मई से तापमान 40 डिग्री को छूने लगेगा। पंजाब-हरियाणा की बात करें तो 11 मई से 14 मई तक आंधी-बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।