कल 21 अप्रैल का मौसम: देश के इस हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट तो दिल्ली से लेकर UP तक हीटवेव का असर

IMD Rain and Heat Wave Alert: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश अब जानलेवा होने लगी है। 21 अप्रैल के लिए मौसम विभाग ने लू की कड़ी चेतावनी जारी की है। मंगलवार को दिल्ली में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा, जिससे सीधे धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। अधिकतम तापमान 41°C से 43°C के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 5 डिग्री तक अधिक है

अपडेटेड Apr 20, 2026 पर 9:15 PM
Story continues below Advertisement
Weather Update India: देश के मौसम में इस समय बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं।

देश के मौसम में इस समय बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां कुछ राज्य भारी बारिश और आंधी-तूफान से जूझ रहे हैं, वहीं उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 21 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में बेहद भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई इलाके भीषण लू (Heatwave) की चपेट में रहेंगे।

पूर्वोत्तर भारत: अरुणाचल में वेरी हैवी रेन का अलर्ट

पूर्वोत्तर के राज्यों में कल बारिश का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश में 21 अप्रैल को छिटपुट स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। 22 अप्रैल तक यहां लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। असम और मेघालय में 21 अप्रैल को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।


दिल्ली-UP और पंजाब में हीटवेव का टॉर्चर

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश अब जानलेवा होने लगी है। 21 अप्रैल के लिए मौसम विभाग ने लू की कड़ी चेतावनी जारी की है। मंगलवार को दिल्ली में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा, जिससे सीधे धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। अधिकतम तापमान 41°C से 43°C के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 5 डिग्री तक अधिक है। दोपहर के समय 20 किमी/घंटा की रफ्तार से लू चलेगी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 अप्रैल को भीषण लू चलेगी। इसके साथ ही यहां 'वार्म नाइट' का अलर्ट भी है, यानी रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने के कारण चैन नहीं मिलेगा। पूर्वी यूपी के भी कई जिलों में 21 अप्रैल को हीटवेव का अलर्ट है। भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने हीटवेव को लेकर कई इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया है। इसे उनके आधिकारिक एक्स पोस्ट पर नीचे देखा जा सकता है।

हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में भी कल लू की स्थिति बनी रहेगी।

बिहार और ओडिशा में थंडरस्क्वॉल की चेतावनी

पूर्वी भारत के राज्यों में आंधी-तूफान का खतरा बना हुआ है। बिहार में 21 अप्रैल को थंडरस्क्वॉल' आने की आशंका है, जहां हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटे से लेकर 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ओडिशा और झारखंड में भी कल गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मध्य और दक्षिण भारत: बारिश और उमस

छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 21 अप्रैल को हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। केरल, माहे, कर्नाटक और तेलंगाना में 24 अप्रैल तक छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में मौसम काफी गर्म और उमस भरा बना रहेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।