दान-पुण्य से तंग आया बेटा, पत्नी संग मिलकर कर दी मां की हत्या!

बेटे शुभंकर का कहना है कि मां की इसी सामाजिक सेवा के कारण परिवार पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा था। उसने कई बार मां से खर्च कम करने को कहा, लेकिन सुषमा ने उसकी बात नहीं मानी। जब उसकी नई पत्नी पापिया ने भी सास से यही बात कही तो, आरोप है कि सुषमा उससे नाराज रहने लगीं और दोनों के बीच रिश्ते खराब हो गए

अपडेटेड Mar 14, 2026 पर 6:48 PM
Story continues below Advertisement
West Bengal: दान-पुण्य से तंग आया बेटा, पत्नी संग मिलकर कर दी मां की हत्या!

पश्चिम बंगाल के फाटिक गाछी इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक बेटे और उसकी पत्नी को 62 वर्षीय महिला की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मृतका की पहचान सुषमा डेनरे के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम सड़क किनारे झाड़ियों में पड़े एक बोरे से महिला का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान पता चला कि महिला की हत्या कर शव को बोरे में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया था।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को शक मृतका के बेटे शुभांकर (36) और उसकी पत्नी पापिया (37) पर हुआ। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश कबूल कर ली।


मां की सेवा से परेशान था बेटा

पुलिस के मुताबिक सुषमा डेनरे गरीबों और भिखारियों की मदद करती थीं। वह उन्हें खाना खिलाती थीं और जरूरत पड़ने पर इलाज और अन्य मदद भी करती थीं।

बेटे शुभंकर का कहना है कि मां की इसी सामाजिक सेवा के कारण परिवार पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा था। उसने कई बार मां से खर्च कम करने को कहा, लेकिन सुषमा ने उसकी बात नहीं मानी।

जब उसकी नई पत्नी पापिया ने भी सास से यही बात कही तो, आरोप है कि सुषमा उससे नाराज रहने लगीं और दोनों के बीच रिश्ते खराब हो गए।

पुलिस के अनुसार जब शुभंकर ने मां को पैसे देना बंद कर दिया, तब भी सुषमा ने अपने गहने बेचकर गरीबों की मदद करना जारी रखा।

मिलकर रची हत्या की साजिश

पूछताछ में सामने आया कि शुभंकर और पापिया ने मिलकर सुषमा की हत्या की योजना बनाई।

घटना के दिन शुभंकर ने मां के हाथ-पैर बांध दिए, जबकि पापिया ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को बोरे में भरकर सुनसान सड़क के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।

CCTV से खुला राज

हावड़ा ग्रामीण पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष मंडल ने बताया कि बेटे और बहू के कबूलनामे और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दोनों आरोपियों को हावड़ा की अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने शुभंकर को पुलिस हिरासत में भेज दिया, जबकि पापिया को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक शुभंकर साल्ट लेक की एक मल्टीनेशनल कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करता है, जबकि पापिया न्यू टाउन इलाके की रहने वाली है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।