सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि योग्य महिलाओं को अपनी आजीविका के लिए खुद ही कमाई करनी चाहिए और उन्हें तलाक के बाद अपने पति से किसी भी तरह के गुजारे भत्ते की मांग नहीं करनी चाहिए। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) बीआर गवई ने गुजारा भत्ता की लड़ाई की सुनवाई करते हुए एक महिला को फटकार लगाते हुए कहा, "आप इतनी पढ़ी लिखी हैं। आपको मांगना नहीं चाहिए और खुद कमा के खाना चाहिए।"
CJI की यह टिप्पणी उस मामले के बाद आई है, जिसमें एक महिला ने शादी के 18 महीने के भीतर ही अपने पति से अलग होने के बाद मुंबई में एक घर और गुजारा भत्ता के रूप में 12 करोड़ रुपए की मांग की थी।
इसका जवाब देते हुए, चीफ जस्टिस ने कहा, "आप एक IT पर्सन हैं। आपने MBA किया है। आपकी मांग बेंगलुरु, हैदराबाद में है... आप भी काम क्यों नहीं करतीं?" चीफ जस्टिस ने कहा, "आपकी शादी सिर्फ 18 महीने चली और अब आप BMW भी चाहती हैं?"
अपनी मांगों को सही ठहराते हुए महिला ने कहा कि उसका पति "बहुत अमीर" है और वह विवाह को अमान्य घोषित करना चाहता है, और दावा करता है कि वह सिजोफ्रेनिया से ग्रस्त है।
बार एंड बेंच ने CJI के हवाले से कहा, "या तो आपको सभी तरह के बोझ से मुक्त फ्लैट मिलेगा या फिर कुछ भी नहीं। आप अच्छी खासी पढ़ी लिखी हो और अपनी इच्छा से काम न करने का फैसला कर रही हैं।"
इसी साल मार्च में इसी तरह के एक मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा था कि कानून बेकार बैठे रहने को बढ़ावा नहीं देता है और कहा था कि कमाने की क्षमता रखने वाली योग्य महिलाओं को अपने पतियों से अंतरिम भरण-पोषण की मांग नहीं करनी चाहिए।
जस्टिस चंद्र धारी सिंह ने 19 मार्च को कहा कि CrPC की धारा 125 (पत्नी, बच्चों और माता-पिता के भरण-पोषण का आदेश) में पति-पत्नी के बीच समानता बनाए रखने और पत्नी, बच्चों और माता-पिता को सुरक्षा प्रदान करने का विधायी इरादा है, लेकिन यह "आलस्य" को बढ़ावा नहीं देता है।
एक अलग मामले में अपना फैसला सुनाते हुए, हाई कोर्ट ने कहा, "एक सुशिक्षित पत्नी, जिसके पास उपयुक्त लाभकारी नौकरी का अनुभव हो, उसे केवल अपने पति से गुजारा भत्ता पाने के लिए काम नहीं छोड़ना चाहिए। इसलिए, इस मामले में अंतरिम गुजारा भत्ता देने से इनकार किया जा रहा है क्योंकि यह न्यायालय याचिकाकर्ता में कमाने और अपनी शिक्षा का लाभ उठाने की क्षमता देख सकता है।"