Bypolls 2024: चुनाव आयोग ने मंगलवार (15 अक्टूबर) को घोषणा की है कि देश के विभिन्न राज्यों में 48 विधानसभा क्षेत्रों और दो संसदीय क्षेत्रों के लिए उपचुनाव अगले महीने होंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार (15 अक्टूबर) को बताया कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम और राजस्थान समेत देश के अलग-अलग राज्यों में खाली हुए 47 विधानसभा क्षेत्रों और केरल की वायनाड संसदीय सीट के लिए 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे। हालांकि, उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव 20 नवंबर को होंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र में एक 1 संसदीय क्षेत्र नांदेड़ के लिए भी 20 नवंबर को ही उपचुनाव होंगे।
नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के साथ ही 23 नवंबर को मतगणना होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में वायनाड और रायबरेली सीट से जीत दर्ज की थी। गांधी ने वायनाड सीट खाली कर दी थी और रायबरेली सीट को बरकरार रखा था।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने निर्वाचन क्षेत्र से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है। कहा जाता है कि वायनाड को चुनने का कारण कांग्रेस की दक्षिण भारत खासकर केरल में अपने पैर पसारने की योजना है। वहीं, नांदेड़ सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस सांसद वसंत चव्हाण के हाल में निधन के बाद इन सीट पर चुनाव कराना जरूरी हो गया था।
उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। इनमें मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, फूलपुर, कटेहरी, मझवां, शीशमऊ शामिल है। इस बीच, मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र और पश्चिम बंगाल की लोकसभा सीट पर उपचुनाव की कोई नई तारीख घोषित नहीं की गई है, क्योंकि दोनों सीटों से संबंधित याचिकाएं हाई कोर्ट में लंबित हैं।
ये भी पढ़ें- Jharkhand Chunav 2024 Dates: झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा! दो चरणों में होगी वोटिंग, 23 नवंबर को रिजल्ट का होगा ऐलान
पश्चिम बंगाल की बशीरहाट सीट से तृणमूल कांग्रेस के सांसद हाजी शेख नुरुल इस्लाम के हाल में निधन के बाद इन सीट पर चुनाव कराना जरूरी हो गया है। मिल्कीपुर सीट पर समाजवादी पार्टी के नेता अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की, जिन्होंने इस साल फैजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। फैजाबाद में ही अयोध्या राम मंदिर है।