Bypolls Updates: सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, जानें निर्वाचन क्षेत्र समेत सभी डिटेल्स

Assembly bypolls 2024: पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें से तीन निर्वाचन क्षेत्र कोलकाता में मानिकतला, उत्तर 24 परगना में रानाघाट दक्षिण तथा बगदाह राज्य के दक्षिणी हिस्से में स्थित हैं। चौथा निर्वाचन क्षेत्र उत्तर बंगाल के दिनाजपुर जिले का रायगंज है

अपडेटेड Jul 10, 2024 पर 12:05 PM
Assembly bypolls 2024: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं

Assembly bypolls 2024: सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए बुधवार सुबह से मतदान जारी है। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार हो रहे चुनाव में कई दिग्गजों सहित चुनाव मैदान में पहली बार कदम रख रही। जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है, उनमें रायगंज, राणाघाट दक्षिण, बागदा एवं मानिकतला (पश्चिम बंगाल), बद्रीनाथ एवं मंगलौर (उत्तराखंड), जालंधर पश्चिम (पंजाब), देहरा, हमीरपुर एवं नालागढ़ (हिमाचल प्रदेश), रुपौली (बिहार), विक्रावंडी (तमिलनाडु) और अमरवाड़ा (मध्य प्रदेश) शामिल है। ये उपचुनाव मौजूदा सदस्यों की मृत्यु या इस्तीफे के कारण खाली हुई सीटों के कारण हो रहा है।

बंगाल

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) जहां लोकसभा चुनावों में अपने बेहतर प्रदर्शन का लाभ उठाने की कोशिश में है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय चुनावों में चार निर्वाचन क्षेत्रों में मिली महत्वपूर्ण बढ़त को बरकरार रखना चाहेगी। पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए बुधवार को सुबह 9 बजे तक 10.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।


निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि रायगंज में सबसे अधिक 12.01 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद रानाघाट दक्षिण में 11.58 प्रतिशत, बगदाह में 10.61 प्रतिशत और मानिकतला में 9.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

निर्वाचन आयोग ने इन विधानसभा क्षेत्रों में बनाए 1,097 मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए सुरक्षाबलों की लगभग 70 कंपनी तैनात की हैं। मतगणना 13 जुलाई को होगी। पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनावों में टीएमसी ने मानिकतला सीट पर कब्जा जमाया था। जबकि भाजपा ने रायगंज, राणाघाट दक्षिण और बगदाह में जीत हासिल की थी। हालांकि, भाजपा विधायक बाद में पार्टी छोड़कर टीएमसी में चले गए थे।

फरवरी 2022 में टीएमसी विधायक साधन पांडे की मृत्यु के कारण मानिकतला विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। टीएमसी ने पांडे की पत्नी सुप्ती को इस सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। सत्तारूढ़ पार्टी ने रायगंज से कृष्णा कल्याणी और रानाघाट दक्षिण से मुकुट मणि अधिकारी को अपना प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे को मानिकतला, मनोज कुमार विश्वास को राणाघाट दक्षिण, बिनय कुमार विश्वास को बगदाह और मानस कुमार घोष को रायगंज से चुनाव मैदान में उतारा है।

हिमाचल प्रदेश

वहीं, हिमाचल प्रदेश में देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी बुधवार को मतदान हो रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी समेत 13 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। ये सीट तीन निर्दलीय विधायकों होशियार सिंह (देहरा), आशीष शर्मा (हमीरपुर) और के एल ठाकुर (नालागढ़) के 22 मार्च को सदन की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थीं। इन विधायकों ने 27 फरवरी को हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। इन तीनों सीट पर कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां 2,59,340 मतदाता हैं।

उत्तराखंड

पड़ोसी उत्तराखंड की मंगलौर सीट पर भी त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। पिछले साल अक्टूबर में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन के कारण उपचुनाव की जरूरत हुई है। मुस्लिम और दलित बहुल मंगलौर सीट पर भाजपा कभी जीत नहीं दर्ज कर पाई है। इस सीट पर पहले या तो कांग्रेस या फिर बसपा का कब्जा रहा है। इस बार बसपा ने अंसारी के बेटे उबेदुर रहमान को कांग्रेस उम्मीदवार काजी मोहम्मद निजामुद्दीन के खिलाफ मैदान में उतारा है। गुज्जर नेता और भाजपा उम्मीदवार करतार सिंह भड़ाना भी मैदान में हैं। वहीं, बद्रीनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान होगा।

इस साल मार्च में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी के इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। बद्रीनाथ में भाजपा के राजेंद्र भंडारी और कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला के बीच सीधा मुकाबला होगा।

पंजाब

पंजाब की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर बुधवार को होने वाले उपचुनाव को मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है, जिन्होंने लोकसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के खराब प्रदर्शन के बाद उपचुनाव में जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। जालंधर पश्चिम एक आरक्षित विधानसभा क्षेत्र है। यहां AAP, कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवारों के बीच बहुकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं।

जालंधर पश्चिम सीट शीतल अंगुरल के AAP विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हो गई थी। यहां बुधवार को होने वाले उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। वोटों की गिनती 13 जुलाई को की जाएगी। पंजाब में सत्तारूढ़ AAP ने मोहिंदर भगत को मैदान में उतारा है, जो पूर्व मंत्री और भाजपा के पूर्व विधायक भगत चुन्नी लाल के बेटे हैं। भगत ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के टिकट पर जालंधर पश्चिम सीट से किस्मत आजमाई थी। हालांकि, उन्हें दोनों ही बार हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं, कांग्रेस ने सुरिंदर कौर पर दांव लगाया है, जो जालंधर की पूर्व वरिष्ठ उप-महापौर और पांच बार की नगर निगम पार्षद हैं। वह रविदासिया समुदाय से जुड़ी एक प्रमुख दलित नेता हैं। दूसरी ओर, भाजपा ने शीतल अंगुरल को मैदान में उतारा है, जो मार्च में आप छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। अंगुरल सियालकोटिया रविदासिया समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।

इसी तरह, सुखबीर बादल के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने पहले सुरजीत कौर को टिकट दिया था, लेकिन पार्टी ने बाद में उनसे समर्थन वापस ले लिया। शिअद ने अब जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट के लिये उपचुनाव में बसपा उम्मीदवार बिंदर कुमार का समर्थन करने की घोषणा की है।

तमिलनाडु

तमिलनाडु की विक्रवांडी विधानसभा सीट पर बुधवार को उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। लोग सुबह सात बजे से ही उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे तक निर्वाचन क्षेत्र में 12.94 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। विक्रवांडी सीट पर कुल 29 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वोटों की गिनती 13 जुलाई को की जाएगी। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2.34 लाख मतदाता हैं, जिनमें 1.15 लाख पुरुष और 1.18 महिलाएं शामिल हैं।

बिहार

बिहार की रूपौली विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव के तहत बुधवार को सुबह 9 बजे तक लगभग 9.23 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। तीन लाख से अधिक मतदाता 11 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। रूपौली विधानसभा सीट पूर्णिया लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है।

ये भी पढ़ें- रूस के बाद ऑस्ट्रिया में भी 'मोदी-मोदी', ऑस्ट्रियाई चांसलर ने पीएम के साथ ली सेल्फी, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

रूपौली विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रहीं बीमा भारती कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जद(यू) छोड़कर राजद में शामिल हो गई थीं। इस वजह से इस सीट पर उप चुनाव जरूरी हो गया था। राजद के टिकट पर बीमा भारती ने लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन वह निर्दलीय प्रत्याशी राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव से हार गईं। अब रूपौली उपचुनाव में बीमा भारती राजद उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।