Credit Cards

CEC राजीव कुमार ने महिलाओं पर विवादित बयान के खिलाफ दी चेतावनी, कड़ी कार्रवाई दिए निर्देश

Maharashtra Election 2024: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने शुक्रवार को चुनाव प्रचार के दौरान महिला नेताओं के खिलाफ “अशोभनीय” टिप्पणियों की निंदा की और अधिकारियों से समय पर और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस कमिश्नर, SP, जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर निगम आयुक्त और निर्वाचन अधिकारियों की बैठक में उन्होंने ये निर्देश दिए

अपडेटेड Nov 08, 2024 पर 8:50 PM
Story continues below Advertisement
Maharashtra Election 2024: सीईसी ने कहा कि निजी जीवन के किसी भी पहलू की आलोचना नहीं की जानी चाहिए

Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2024: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने शुक्रवार (8 नवंबर) को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान महिलाओं के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा की। उन्होंने अधिकारियों को ऐसी टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने आशा व्यक्त की है कि सभी उम्मीदवार और पार्टी नेता महिलाओं के प्रति सम्मान दर्शाते हुए कार्य करेंगे।

निर्वाचन आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए राजीव कुमार ने महिला नेत्रियों को निशाना बनाकर की गई अपमानजनक और अशोभनीय टिप्पणियों की निंदा की। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों में कार्रवाई करने को कहा।

सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि पुलिस कमिश्नर, SP, जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर निगम आयुक्त और निर्वाचन अधिकारी बैठक में शामिल हुए। निर्वाचन आयोग ने इससे पहले राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को निर्देश दिए थे कि वे ऐसे किसी भी कार्य, हरकत या बयानबाजी से बचें, जिसे महिलाओं के सम्मान और गरिमा के प्रतिकूल माना जाता हो।


सूत्रों ने कहा कि सीईसी ने कहा कि निजी जीवन के किसी भी पहलू की आलोचना नहीं की जानी चाहिए, जो अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं या कार्यकर्ताओं की सार्वजनिक गतिविधियों से जुड़ा न हो।

उन्होंने 'निम्न-स्तरीय' व्यक्तिगत हमले करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। शिवसेना (UBT) नेता अरविंद सावंत हाल ही में शिवसेना की मुंबादेवी से उम्मीदवार शाइना एनसी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के कारण विवादों में रहे हैं।

सत्तारूढ़ शिवसेना की उम्मीदवार शाइना एनसी ने महिला सम्मान के विषय पर शिवसेना (UBT) से अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने शिवसेना सांसद अरविंद सावंत द्वारा उनके खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी को महिला सम्मान पर अपना आधिकारिक रुख बताना चाहिए।

पिछले हफ्ते महाराष्ट्र में उस समय राजनीतिक बवाल मच गया जब अरविंद सावंत ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शिवसेना गुट की शाइना एनसी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की। शाइना एनसी मुंबई के मुंबादेवी निर्वाचन क्षेत्र से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं।

ये भी पढ़ें- 'एक हैं तो सेफ हैं': पीएम मोदी ने कांग्रेस पर लोगों को जाति के आधार पर बांटने का लगाया आरोप

शाइना ने विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन पर महाराष्ट्र की महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने एनसीपी (शरद पवार) की सुप्रिया सुले और शिवसेना (यूबीटी) की प्रियंका चतुर्वेदी सहित एमवीए नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।