Amazon बंद करेगी भारत में अपनी फूड डिलीवरी सर्विस, 2 साल पहले ही बेंगलुरु में किया था लॉन्च

एमेजॉन (Amazon) ने भारत में अपनी फूड डिलीवरी सर्विस 'Amazon Food' को आगामी 29 दिसंबर से बंद करने का फैसला किया है

अपडेटेड Nov 25, 2022 पर 10:07 PM
Amazon ने कहा कि वह भारत में निवेश करना जारी रखेगी

एमेजॉन (Amazon) ने भारत में अपनी फूड डिलीवरी सर्विस को बंद करने का फैसला किया है। कंपनी ने अपने रेस्टोरेंट पार्टनर्स को भेजी जानकारी में बताया वह आगामी 29 दिसंबर से इस सर्विस को बंद कर रही है। एमेजॉन ने मई 2020 में भारत में अपनी फूड डिलीवरी सर्विस Amazon Food लॉन्च किया था। कंपनी का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले ही उसने भारत में अपनी हाल में ही लॉन्च की गई एडटेक यूनिट को बंद करने का ऐलान किया था और ग्लोबल लेवल पर वह कंपनी में हजारों कर्मचारियों के छंटनी की तैयारी कर रही है।

Amazon ने अपने रेस्टोरेंट पार्टनर्स को भेजे मेल में लिखा है, "इस फैसले को मतलब है कि अब आपको इस तारीख के बाद Amazon Food के जरिए ग्राहकों से ऑर्डर नहीं मिलेगी। हालांकि इस तारीख तक आपको ऑर्डर मिलते रहेंगे और इन ऑर्डर को हम पहले की तरह पूरा होने की उम्मीद करते हैं।" मनीकंट्रोल ने इस ईमेल की एक कॉपी देखी है।

रेस्टोरेंट्स पार्टनर्स को पूरे पेमेंट्स का दिया भरोसा

कंपनी ने रेस्टोरेंट्स से कहा है कि वह अपने सभी पेमेंट्स और अन्य कॉन्ट्रैक्चुल जिम्मेदारियों को पूरा करने का भरोसा देती है। रेस्टोरेंट्स के पास 31 जनवरी, 2023 तक सभी Amazon टूल और रिपोर्ट का एक्सेस होगा। अगर कोई दिक्कत आती है तो यह 31 मार्च तक उन्हें सभी जरूरी सपोर्ट मुहैया कराएगा।


यह भी पढ़ें- Adani Enterprises लाएगी अपना FPO, नए शेयर जारी कर ₹20,000 करोड़ जुटाने का प्लान, जानें डिटेल

बेंगुलरु में पायलट के तौर पर शुरू हुआ था Amazon Food

Amazon ने अपनी सर्विस बंद होने को लेकर कहा, "हमने अपने सालाना ऑपरेटिंग रिव्यू प्रॉसेस के तहत, Amazon Food को बंद करने का फैसला किया है, जो बेंगुलरु में हमारी तरफ से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया फूड डिलीवरी बिजनेस है।"

कंपनी ने कहा, "हम इस तरह के फैसलों को जल्दबाजी में नहीं लेते हैं। हम मौजूदा ग्राहकों और पार्टनर्स का ध्यान रखने के लिए इन कार्यक्रमों को चरणबद्ध तरीके से बंद कर रहे हैं। इस दौरान अपने प्रभावित कर्मचारियों का सपोर्ट करना हम जारी रखेंगे।"

भारत में निवेश करना जारी रखेगी Amazon

Amazon ने कहा कि वह भारत के बाजार के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रॉसरी, स्मार्टफोन और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन एंड ब्यूटी के साथ Amazon Business जैसे B2B सेगमेंट में निवेश करना जारी रखेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।