Boat IPO : भारत के सबसे बड़े डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर, ऑडियो-फोकस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांडों में से एक बोट 2,000 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) में इसी हफ्ते ड्राफ्ट रेड हेयरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल करने की तैयारी में है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल आने वाले आईपीओ में नई दिल्ली बेस्ड कंपनी को 1.5-2 अरब डॉलर की वैल्युएशन मिलने का अनुमान है।
36% हिस्सेदारी बड़ी शेयरहोल्डर है पीई कंपनी वारबर्ग पिनकस
बोट में 36 फीसदी हिस्सेदारी के साथ एक मात्र बड़ी शेयरहोल्डर प्राइवेट इक्विटी कंपनी वारबर्ग पिनकस (Warburg Pincus) इस आईपीओ के जरिये अपने 700-800 करोड़ रुपये के शेयर बेचेगी। इस आईपीओ में नए स्टॉक और ऑफर फॉर सेल की समान हिस्सेदारी होगी। कोफाउंडर अमन गुप्ता और समीर मेहता द्वारा इसमें अपनी मामूली हिस्सेदारी बेचने का अनुमान है, जिनके पास कंपनी की कुल 56 फीसदी हिस्सेदारी है।
संपर्क करने पर, बोट के एक स्पोक्सपर्सन ने कंपनी की आईपीओ की योजना और उससे जुड़ी डिटेल पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। इस संबंध में भेजे गए ईमेल पर वारबर्ग पिनकस ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। बोट ने बीते साल अप्रैल में जब क्वालकॉम वेंचर्स (Qualcomm Ventures) से 50 करोड़ रुपये जुटाए थे तो उसकी वैल्युशन लगभग 2,200 करोड़ रुपये आंकी गई थी। सूत्रों ने कहा कि कंपनी इस वित्त वर्ष में 5-6 गुने वैल्युएशन की उम्मीद कर रही है।
मार्च के अंत तक रेवेन्यू दोगुना होने का अनुमान
एक सूत्र ने कहा, “उन्हें (बोट) रेवेन्यू पर पांच से छह गुने मल्टीपल्स पर आईपीओ का प्राइस मिलने के संकेत मिल रहे हैं। मार्च के अंत तक उनका रेवेन्यू लगभग दोगुना होने का अनुमान है।” हालांकि, सूत्रों ने कहा कि मार्केट की स्थितियों के आधार पर फाइनल आईपीओ प्राइसिंग में बदलाव हो सकता है। हाल के दिनों में ग्लोबल मार्केट में गिरावट के चलते नई लिस्टेड न्यू-एज भारतीय कंपनियों के स्टॉक्स की तगड़ी पिटाई हुई थी।
बोर्ड ने दी आईपीओ की योजना को मंजूरी
बोट की पैरेंट कंपनी इमेजिन मार्केटिंग प्रा. लि. (Imagine Marketing Pvt. Ltd) आईपीओ लाने के लिए एक पब्लिक कंपनी में तब्दील हो गई है और उसके बोर्ड ने आईपीओ लॉन्च करने के प्लान को मंजूरी दे दी है। एक सूत्र ने कहा, “डीआरएचपी गुरुवार तक फाइल होने की उम्मीद है।”
वित्त वर्ष 2021 में 1,500 करोड़ रहा था रेवेन्यू
2016 में स्थापित, बोट प्रतिष्ठित घरेलू डी2सी ब्रांडों (D2C brands) में से एक के रूप में सामने आई थी, जिसने ईयरफोन और वियरेबिल स्पेस में मार्केट लीडर्स को चुनौती दी थी। कंपनी ने 31 मार्च, 2021 को समाप्त वित्त वर्ष के दौरान 1,500 करोड़ रुपये के रेवेन्यू के साथ 78 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।