US की American Tower Corporation अपनी इंडिया यूनिट ATC India को बेच रही है। इसके लिए American Tower Corporation ने ब्रुकफील्ड एसेट मैनेजमेंट के निवेश वाली डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट (DIT) के साथ एक समझौता किया है। एटीसी इंडिया में American Tower Corporation की ओर से पूरी 100 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी बेची जाएगी। कनाडा के टॉप इनवेस्टर्स में से एक ब्रुकफील्ड, अपनी प्रतिद्वंदी I Squared Capital को पीछे छोड़ ATC India की खरीद के लिए प्रमुख दावेदार के रूप में उभरी है।
DIT, समिट डिजीटेल और क्रेस्ट डिजीटेल के माध्यम से भारत में ब्रुकफील्ड के टेलिकॉम टावर कारोबार का संचालन करती है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ATC India की बिक्री के बदले में अमेरिकन टावर को मिलने वाली कुल नकदी 210 अरब रुपये तक पहुंच सकती है। इस लेन-देन को अभी सरकार और रेगुलेटर्स से मंजूरियां मिलना बाकी है। डील के 2024 की दूसरी छमाही में क्लोज होने की उम्मीद है।
कुल कैश प्रोसीड्स में एटीसी इंडिया ऑपरेशंस को लेकर लगभग 2 अरब डॉलर की एंटरप्राइज वैल्यू, साथ ही 1 अक्टूबर 2023 से लेकर क्लोजिंग की तारीख तक हासिल होने वाली टिकिंग फीस शामिल है। एटीसी इंडिया के पास देश भर में लगभग 78,000 साइट्स का पोर्टफोलियो है। यह भारतीय टेलिकॉम सेक्टर में ब्रुकफील्ड का तीसरा अधिग्रहण होगा।
भारत में ब्रुकफील्ड के एसेट्स
2022 में, इसने 5,000 इनडोर बिजनेस सॉल्यूशन साइट्स और छोटी सेल साइटों का एक पोर्टफोलियो हासिल किया था, जिसने 5G के रोलआउट को आगे बढ़ाने में मदद की। साथ ही टेलिकॉम ऑपरेटर्स को मुश्किल से एक्सेस हो सकने वाले और घने क्षेत्रों में अपने कवरेज दायरे का विस्तार करने में सक्षम बनाया। ब्रुकफील्ड के पास लगभग 175,000 टावरों का पोर्टफोलियो भी है जो 2020 में रिलायंस इंडस्ट्रियल इनवेस्टमेंट्स एंड होल्डिंग्स लिमिटेड से हासिल किए गए थे। एटीसी इंडिया, डीआईटी के टेलिकम्युनिकेशन एसेट्स में इजाफा करेगी। भारत में, ब्रुकफील्ड के पास इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, रिन्यूएबल एनर्जी और ट्रांजीशन, और प्राइवेट इक्विटी में एसेट अंडर मैनेजमेंट के तहत लगभग 25 अरब डॉलर के एसेट हैं।