Budget 2022: बाजार में लगातार तीसरे दिन तेज गिरावट देखने को मिली। निफ्टी करीब 181 अंक गिरकर 17757 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ बैंकों का सहारा मिलने के कारण आखिरी मिनटों में निफ्टी बैंक में कुछ रिकवरी देखने को मिली जबकि वही मिडकैप और स्मॉलकैप में थोड़ी खरीदारी दिखाई दी। वहीं बजट के पहले बाजार में आई हुई गिरावट के बाद एक्सपर्ट का मानना है कि बाजार नीचे से बाउंस लेकर जोरदार मूव दिखा सकता है इसलिए अच्छा पैसा बनाने के लिए एक्सपर्ट बजट 2022 में होने वाली संभावित घोषणाओं से जुड़े हुए स्टॉक्स खरीदने की सलाह दे रहे हैं।
नये साल का बहुप्रतिक्षित सबसे बड़ा आर्थिक इवेंट BUDGET 2022 का दिन नजदीक आता जा रहा है। जैसे-जैसे बजट की घड़ियां करीब आ रही हैं कई सेक्टर्स से जुड़ी तमाम घोषणाएं बजट में किये जाने की जानकारी सूत्रों से मिल रही हैं। इस बार सीएनबीसी-आवाज़ को एक एक्सक्लूसिल जानकारी मिली है जिसके मुताबिक अबकी बार रेलवे PSU के मर्जर को लेकर बजट में बड़ा ऐलान हो सकता है।
CNBC AWAAZ की दीपाली नंदा ने सूत्रों के हवाले से कहा कि बजट में रेलवे PSUs के मर्जर से जुड़ा बड़ा एलान संभव है। इस बार रेलवे PSUs में बड़ी रिस्ट्रक्चरिंग की घोषणा हो सकती है। पिछले साल सरकार को रेलवे से जुड़ी सरकारी कंपनियों के मर्जर का सुझाव मिला था जिस पर इस बार बड़ा ऐलान आता हुआ नजर आ सकता है।
दीपाली ने आगे कहा कि पिछले साल अगस्त 2021 में प्रिंसिपल इकोनॉमिक एडवाइजर संजीव सान्याल ने सरकारी PSUs के rationalisation के तहत रेलवे PSUs के मर्जर की सिफारिश की थी। उन्होंने अपने सुझाव में कहा था कि रेलवे की RVNL का Ircon के साथ मर्जर किया जाना चाहिए। इसके अलावा Railtel का IRCTC के साथ मर्जर किये जाने की सिफारिश भी उन्होंने की थी। सूत्र बता रहे हैं कि इस बार रेलवे पीएसयू के मर्जर की इस सिफारिश को बजट में हरी झंडी मिल सकती है।
वहीं सरकार और रेलवे दोनों का मानना है कि यदि ये मर्जर किया जाता है तो इन सरकारी कंपनियों का वैल्यूएशन और अधिक बढ़ सकता है। सरकार और रेलवे के इस नजरिये के चलते माना जा रहा है कि इस बार BUDGET 2022 में RVNL का Ircon के साथ और Railtel का IRCTC के साथ मर्जर किये जाने का ऐलान हो सकता है।
इन रेलवे पीएसयू में सरकार की हिस्सेदारी पर नजर डालें तो RVNL में सरकार की 87.84% हिस्सेदारी है जबकि IRCON में सरकार की 89.18% हिस्सेदारी है। वहीं दूसरी तरफ IRCTC में सरकार का 67% स्टेक है और RAILTEL में 72.84% सरकारी हिस्सेदारी है।