Budget 2023 Expectations: देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी 2023 को आम बजट पेश करेंगी। इस बजट में सैलरी क्लास से लेकर, महिलाएं, बुजुर्ग सभी काफी उम्मीदें है। इस बीच किसानों को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण खास तोहफा दे सकती हैं। कहा जा रहा है कि पीएम किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) की राशि बढ़ाई जा सकती है। इसे सालाना 6000 रुपये से बढ़ाकर 8000 रुपये किया जा सकता है। पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को खेती-किसानी से जुड़े छोटे-मोटे खर्चे को निपटाने में खास मदद मिली है। ऐसे में बढ़ोतरी से किसानों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।
बता दें कि मौजूदा समय में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना 6000 रुपये मुहैया कराए जाते हैं। ये पैसे किसानों को किश्तों में दिए जाते हैं। हर एक किश्त में किसानों को 2000 रुपये मिलते हैं। हर 4 महीने में एक किश्त मिलती है। इस बढ़ोतरी पर सरकार को 22000 करोड़ रुपये की लागत बढ़ जाएगी।
हर तिमाही मिल सकते हैं 2000 रुपये
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, किसानों को अब तीन किश्तों के बजाय 4 किश्तों में दिए जाएंगे। ऐसे में हर तिमाही किसानों को 2,000 रुपये दिए जा सकते हैं। मौजूदा व्यवस्था में 4 महीने के अंतराल पर ये किस्त जारी की जाती है। इस हिसाब से किसानों को हर तीन महीने पर 2000 रुपए मिलेंगे। कुल मिलाकर किसानों को 8000 रुपये दिए जा सकते हैं। पीएम किसान का पैसा बढ़ाने के लिए शासन-प्रशासन में रह चुके बड़ी हस्तियों ने भी केंद्र सरकार को कई सुझाव पेश किए हैं। वहीं किसान संगठनों ने भी पीएम किसान सम्मान निधि में इजाफा करने की मांग की थी। इसमें 6000 रुपये से बढ़ाकर 8000 रुपये किए जाने की मांग की जा रही है।
दरअसल, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 12 किश्तों का फायदा मिल चुका है। अभी 13वीं किश्त आना बाकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले महीने 13वीं किश्त के पैसे जारी किए जा सकते हैं। बता दें पीएम किसान सम्मान निधि को फरवरी 2019 में लॉन्च किया गया था।
इन किसानों को नहीं मिलता फायदा
अगर कोई किसान किसी दूसरे किसान से जमीन लेकर किराए पर खेती करते हैं। तब ऐसी स्थिति में उसे भी योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। पीएम किसान में लैंड की ओनरशिप जरूरी है। वहीं अगर कोई किसान या परिवार में कोई संवैधानिक पद पर है तो उसे लाभ नहीं मिलेगा। इतना ही नहीं डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, आर्किटेक्ट्स और वकील जैसे प्रोफेशनल्स को भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। भले ही वो किसानी भी करते हों। इसके साथ ही 10,000 रुपये से अधिक की मासिक पेंशन पाने वाले रिटायर्ट कर्मचारियों को भी इसका फायदा नहीं मिलेगा।
इस हेल्पलाइन नंबर पर करें कॉल
सरकार ने किसानों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अगर आपने अप्लाई किया है। उसका स्टेटस जानने के लिए आप 155261 पर कॉल कर सकते हैं। इस पर सभी तरह की जानकारी हासिल कर सकते हैं।