Budget 2024: केंद्र सरकार ने बजट सत्र से पहले आज यानी मंगलवार (30 जनवरी) को संसद में विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। हर सत्र से पहले यह एक तरह की पारंपरिक बैठक होती है। बैठक में विभिन्न दलों क नेता उन मुद्दों को सामने रखते हैं जिन्हें वे संसद में उठाना चाहते हैं। साथ ही सरकार उन्हें अपने एजेंडे के बारे में जानकारी देती है तथा उनका सहयोग मांगती है। लोकसभा चुनाव से पहले यह बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू होकर 9 फरवरी को समाप्त होगा।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance minister Nirmala Sitharaman) लोकसभा चुनाव से पहले अंतरिम बजट (interim budget) पेश करेंगी। चुनाव के बाद नई सरकार पूर्ण बजट पेश करेगी। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से होगी। लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए मोदी सरकार इस अंतरिम बजट में महिलाओं, किसानों और युवाओं से जुड़े बड़े ऐलान कर सकती है।
सूत्रों की मानें तो सरकार किसानों को मिलने वाली किसान सम्मान निधि को दोगुना करने का प्रस्ताव ला सकती है। हालांकि फिलहाल सरकार के एजेंडे में कोई बड़ा विधायी कार्य नहीं है। वहीं, सामाजिक कल्याण के कई योजनाओं की घोषणा भी सरकार इस बजट सत्र में कर सकती हैं।
इस सत्र के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। पिछले सत्र में जिस तरीके से सुरक्षा में चूक देखी गई थी, उसको लेकर कड़े कदम उठाए गए हैं। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन की सुरक्षा में हुई चूक के बाद अब बजट सेशन के दौरान विजिटर्स की जांच के लिए नए नियम लागू हो गए हैं। दर्शकों को पहले संसद में विजिट के ऑनलाईन अप्लाई करना होगा और उसके एप्रुवल के बाद उनके फोन पर एक QR कोड दिया जाएगा जो मोबाईल पर आएगा।
मोबाइल पर आए हुए QR कोड का प्रिंट आउट दर्शकों को अपने साथ लाना होगा। इसके साथ ही विजिटर्स को अपना आधार कार्ड भी लाना होगा। एंट्री के लिए संसद पहुंचने पर सबसे पहले एक वहां QR कोड का अप्रूवल कराना होगा, फिर इनकी पड़ताल करने के बाद रिसेप्शन पर दर्शकों का बायोमेट्रिक होगा और फोटो ग्राफ लिया जाएगा। इसके बाद दर्शक को विजिटर्स गैलरी के लिए एक स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा।
दर्शक दीर्घा में प्रवेश के लिए स्मार्ट कार्ड टैप करना होगा और साथ में बायोमेट्रिक जांच होगी, उसके बाद ही बैरियर खुलेगा। 1 फरवरी को अंतरिम बजट के लिए भी दर्शक दीर्घा में प्रवेश के लिए 31 जनवरी शाम चार बजे तक आवेदन हो सकता है। सांसदों से कहा गया कि इस दिन के लिए वे दर्शक दीर्घा के लिए केवल एक ही पास के लिए अप्लाई करें।