Union Budget 2024 : केंद्रीय बजट (Union Budget) पेश होने में एक हफ्ते से कम समय बचा है। इस बजट को लेकर हर वर्ग की अपनी-अपनी उम्मीदें हैं। सवाल है कि क्या बजट में होने वाले ऐलान कंजम्प्शन स्टॉक्स की रौनक बढ़ेगी? 1 फरवरी को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) के बजट पेश होने से पहले स्टॉक मार्केट्स में काफी उतार-चढ़ाव दिखा है। उधर, यह माना जा रहा है कि सरकार कंज्यूमर डिमांड खासकर ग्रामीण इलाकों में खर्च और डिमांड बढ़ाने वाले उपायों पर बजट में फोकस करेगी। कोरोना की महामारी के बाद शहरी इलाकों में तो डिमांड लौट आई है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में अब भी मांग कमजोर बनी हुई है। देश की आबादी करीब 1.4 अरब है। लेकिन डिमांड मुख्य रूप से करीब 10 करोड़ आबादी से आती है। ब्रोकिंग फर्म एंजल वन के सीनियर वीपी (रिसर्च) अमर देव सिंह ने बताया कि टू-व्हीलर्स की बिक्री को कंजम्प्शन का बड़ा संकेत माना जाता है। इसकी बिक्री कोरोना से पहले के स्तर से कम बनी हुई है। इससे पता चलता है कि आबादी के बड़े हिस्से में मांग सामान्य लेवल पर नहीं पहुंची है।
