Budget 2024: कभी विवाहित और अविवाहित लोगों के लिए टैक्स के नियम अलग-अलग थे, जानिए क्या है पूरा मामला

Union Budget: बजट ने लंबा सफर तय किया है। इस सफर में इसमें कई नई चीजें शामिल हुई हैं और कई पुरानी चीजें बाहर हुई हैं। कुछ चीजें बाहर होने के बाद फिर कभी वापस नहीं आईं। विवाहित और अविवाहित लोगों के लिए टैक्स के अलग-अलग नियम ऐसा ही प्रावधान है, जो बाहर जाने के बाद फिर वापस नहीं आया

अपडेटेड Jul 13, 2024 पर 3:24 PM
India Budget 2024: सरकार ने विवाहित और अविवाहित लोगों के लिए अलग-अलग टैक्स के नियम पेश किए थे। ऐसा 1955-56 के यूनियन बजट में हुआ था।

भारत में बजट ने लंबा सफर तय किया है। आजादी के बाद पहला बजट 1947 में पेश हुआ था। तब से करीब 77 साल बीत चुके हैं। इस दौरान बजट में कई नई चीजें शामिल हुई हैं। कई चीजें हमेशा के लिए बजट से बाहर हो चुकी हैं। हम आपको इनकम टैक्स के ऐसे प्रावधान के बारे में बता रहे हैं, जिस पर आपको यकीन नहीं होगा। देश में सरकार ने विवाहित और अविवाहित लोगों के लिए अलग-अलग टैक्स के नियम पेश किए थे। ऐसा 1955-56 के यूनियन बजट में हुआ था। तब वित्तमंत्री सीडी देशमुख ने विवाहत और अविवाहित टैक्सपेयर्स के लिए अलग-अलग टैक्स एग्जेम्प्ट स्लैब पेश किया था। फैमिली अलाउन्स के लिए सही स्कीम पेश करने के लिए ऐसा किया गया था।

योजना आयोग की सिफारिश पर हुआ था फैसला

साल 1955-56 के यूनियन बजट (Union Budget) में देशमुख ने विवाहित लोगों के लिए 1,500 रुपये का मौजूदा टैक्‍स एक्‍जेम्‍प्शन स्‍लैब बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का ऐलान किया था। अविवाहितों के लिए इसे घटाकर 1,000 रुपये करने की घोषणा की गई थी। योजना आयोग की सिफारिशों के आधार पर यह कदम उठाया गया था। 1950 के दशक में वेल्‍थ टैक्‍स (Wealth Tax) की शुरुआत की गई थी। इसी के साथ इनकम टैक्‍स पर अधिकतम दरों को पांच आने (30 पैसे) से घटाकर चार आना (25 पैसे) किया गया था।


1955-56 में देशमुख ने यह प्रस्ताव पेश किया था:

-0 से 2,000 रुपये टैक्स स्लैब - देय: कोई इनकम टैक्‍स देय नहीं

-2,001 रुपये से 5,000 रुपये टैक्स स्लैब - देय इनकम टैक्‍स रेट: रुपये में नौ पाई

- 5,001 रुपये से 7,500 रुपये टैक्‍स स्लैब - देय इनकम टैक्‍स रेट: रुपये में एक आना और नौ पाई

- 7,501 रुपये से 10,000 रुपये टैक्स स्लैब - देय इनकम टैक्‍स रेट: रुपये में दो आना और तीन पाई

- 10,001 रुपये से 15,000 रुपये टैक्स स्लैब - देय इनकम टैक्‍स रेट: रुपये में तीन आना और तीन पाई

यह भी पढ़ें: Union Budget 2024-25: वित्तमंत्री के इन ऐलानों से MSME सेक्टर भर सकता है उंची उड़ान 

अविवाहितों के लिए इनकम टैक्‍स स्लैब

- 0 से 1,000 रुपये- देय इनकम टैक्‍स रेट: कोई इनकम टैक्‍स नहीं

- 1,001 रुपये से 5,000 रुपये – देय इनकम टैक्‍स रेट: रुपये में नौ पाई

- 5,001 रुपये से 7,500 रुपये - देय इनकम टैक्‍स रेट: रुपये में एक आना और नौ पाई

- 7,501 रुपये से 10,000 रुपये - देय इनकम टैक्‍स रेट: रुपये में दो आना और तीन पाई

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।