बाजार की आगे की दशा-दिशा और चाल पर हुई एक अहम बातचीत में मोतीलाल ओसवाल के गौतम दुग्गड़ (Gautam Duggad) ने मनीकंट्रोल से कहा कि 2021 में अब तक 20 फीसदी के करीब रिटर्न के बाद अब 2022 में भी इसी स्तर का रिटर्न हासिल करना मुश्किल नजर आ रहा है। इस बातचीत में उन्होंने आगे कहा कि बाजार इस समय महंगा नजर आ रहा है। मिड और स्मॉलकैप काफी भाग चुके हैं और यह लगभग निफ्टी के समान वैल्यूएशन पर नजर आ रहे हैं। ऐसे में वैल्यूएशन के नजरिए से इस समय लॉर्ज कैप ज्यादा बेहतर नजर आ रहे हैं।
बजट 2022 पर बात करते हुए गौतम दुग्गड़ ने कहा कि सरकार बजट के बाहर भी तमाम तरह के सुधारों और पॉलिसी बदलावों का एलान करती रही है। इसलिए अब भारी भरकम एलानों के लिए बजट बहुत अहम नहीं रह जाता लेकिन यह ध्यान रखने की बात है कि मार्च -अप्रैल 2022 में देश में 5 राज्यों में चुनाव होने हैं। इसलिए सरकार आगामी बजट में कुछ खास स्टेट को टार्गेट करते हुए पॉपुलिस्ट (लोकप्रियता वादी) एलान कर सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि इस साल बजट में वित्त मंत्री अपनी दोहरी रणनीति कायम रखती नजर आ सकती है जिसके तहत एक तरफ तो वित्तीय घाटे पर नियत्रंण के लिए वित्तीय अनुशासन पर फोकस किया जाएगा। दूसरी तरफ ग्रोथ को बढ़ाने के लिए निवेश पर होने वाला खर्च भी बढ़ाया जाएगा। बाजार की नजर इस बात पर भी रहेगी कि वित्त मंत्री विनिवेश और एसेट मोनेटाइजेशन पर क्या कदम उठाती हैं।
बाजार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस साल अब तक बाजार ने करीब 20 फीसदी रिटर्न दिया है। ध्यान रखें कि रिटर्न के बारे में कोई भविष्यवाणी करना आसान नहीं होता। फिर भी 2020 में बाजार पॉजिटीव रिटर्न दे सकता है। इसकी वजह यह है कि आगे कंपनियों के नतीजे और उनका प्रदर्शन अच्छा रह सकता है। उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2022 और 2023 में निफ्टी की अर्निंग ग्रोथ क्रमश: 35 फीसदी और 19 फीसदी रह सकती है।
बाजार पर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा कि वित्त वर्ष 2023 में बैंकिंग और एनबीएफसी का प्रदर्शन अच्छा रहेगा। पिछले 4-6 तिमाहियों में बैंकों की आय काफी अच्छी रही है। साथ ही उनकी एसेट क्वालिटी भी सुधरती नजर आई है। क्रेडिट ग्रोथ में तेजी आने के साथ ही इनकी आय में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
आईटी शेयरों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मल्टीईयर टेक साइकिल के चलते उम्मीद है कि आईटी कंपनियों के नतीजे काफी मजबूत रहेंगे। इसके साथ ही अगर कमोडिटी की कीमतें वर्तमान स्तर पर रहीं तो मेटल कंपनियां हमें चौंका सकती हैं। ब्रॉडर मार्केट पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि 2022 में हमें छोटे-मझोले शेयर अच्छा प्रदर्शन करते नजर आएंगे।
2022 के लिए अहम इवेंट्स पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि बाजार की नजर 5 राज्यों में होने वाले चुनावों पर होगी। इसके अलावा ब्याज दरों का अंदाजा लगाने के लिए यूएस फेड पर भी सबकी नजरें लगी रहेंगी। इसके साथ ही विंटर ओलंपिक खत्म होने के बाद आर्थिक मंदी से निपटने के लिए चाइना क्या कदम उठाता है इस पर भी बाजार की नजर रहेगी। कोरोना वायरस और इसके म्यूटेशंस से जुड़ी खबरें बाजार की दशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी। गौतम दुग्गड़ ने इस बातचीत में आगे कहा कि निवेश के लिहाज से बैंकिंग, एनबीएफसी, आईटी वित्त वर्ष 2023 के लिए अच्छे दांव नजर आ रहे हैं।