Budget 2024 : कृषि मंत्रालय का आवंटन बढ़ने की उम्मीद, टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल पर रहेगा फोकस

Budget 2024 : एक्सपर्ट्स का मानना है कि यूनियन बजट 2024 (Union Budget 2024) में भी ग्रामीण इलाकों और खासकर किसानों पर सरकार का फोकस बना रहेगा। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। यूनियन बजट 2024 में एग्रीकल्चर एक्सेलरेटर फंड के लिए आवंटन बढ़ सकता है। इससे ग्रामीण इलाकों में उद्यमिता से जु़ड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा

अपडेटेड Jan 08, 2024 पर 1:22 PM
Budget 2024 : एग्रीकल्चर एक्सेलरेटर फंड से 2023-24 में 348 स्टार्टअप्स को 31 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।

Budget 2024 : सरकार का फोकस पिछले कुछ सालों में ग्रामीण इलाकों खासकर कृषि पर बढ़ा है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने यूनियन बजट 2023 में कृषि मंत्रालय का आवंटन बढ़ाकर 1.25 लाख करोड़ रुपये कर दिया था। इसमें पीएम किसान सम्मान निधि के लिए 60,000 करोड़ रुपये का आवंटन भी शामिल था। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यूनियन बजट 2024 (Union Budget 2024) में भी ग्रामीण इलाकों और खासकर किसानों पर सरकार का फोकस बना रहेगा। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं।

पीएम किसान योजना में पैसा बढ़ सकता है

सूत्रों का कहना है कि सरकार किसान सम्मान निधि के पैसे को भी बढ़ा सकती है। ठीक पांच साल पहले सरकार ने इस स्कीम का ऐलान किया था। इसके तहत शर्तें पूरी करने वाले किसान को सरकार की तरफ से सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। सीएनबीसी-टीवी18 ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि सरकार इस अमाउंट को बढ़ाकर सालाना 8,000 रुपये कर सकती है।


यह भी पढ़ें : Budget 2024 : स्टॉक मार्केट्स को निर्मला सीतारमण के यूनियन बजट से ये हैं 5 उम्मीदें

कृषि में टेक्नोलॉजी के ऐलान पर फोकस

यूनियन बजट में सरकार ने कृषि में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिया था। एग्रीकल्चरल क्रेडिट के टारगेट को भी बढ़ाया गया था। ग्रामीण इलाकों के लिए स्टार्टअप्स शुरू करने वाले आंत्रप्रेन्योर्स के लिए एग्रीकल्चर एक्सेलरेटर फंड का ऐलान किया गया था। सरकार ने एग्रीकल्चर के लिए डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का ऐलान किया था।

एग्रीकल्चर एक्सेलरेटर फंड के लिए बढ़ सकता है आवंटन

एक्सपर्ट्स का कहना है कि यूनियन बजट 2024 में एग्रीकल्चर एक्सेलरेटर फंड के लिए आवंटन बढ़ सकता है। इससे ग्रामीण इलाकों में उद्यमिता से जु़ड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस फंड के लिए वित्त वर्ष 2028-29 तक सरकार ने 2,200 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। इससे कृषि के क्षेत्र में न्यू एज वेंचर्स और इनोवेशंस को बढ़ावा मिला है।

348 स्टार्टअप्स को मिल चुकी है मदद

सरकार के डेटा के मुताबिक, एग्रीकल्चर एक्सेलरेटर फंड से 2023-24 में 348 स्टार्टअप्स को 31 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सरकार का फोकस कृषि में नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर किसानों की आय बढ़ाने पर है। इसलिए 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट में कृषि मंत्रालय के आवंटन को वित्त मंत्री बढ़ाने का ऐलान कर सकती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।