बर्गर किंग (Burger King) जैसी कई फास्ट फूड चेन्स ऑपरेट करने वाली दिग्गज कंपनी रेस्टोरेंट ब्रांड्स एशिया में एवरस्टोन (Everstone) अपनी पूरी की पूरी हिस्सेदारी बेचना चाहती है। इस हिस्सेदारी को खरीदने के लिए भारत समेत कई देशों में डोमिनोज पिज्जा (Domino's Pizza) के रेस्टोरेंट्स चलाने वाली जुबिलैंट फूडवर्क्स (Jubilant Foodworks) इच्छुक है। इसके अलावा एडवेंट (Advent) और जनरल अटलांटिक (General Atlantic) जैसे प्राइवेट इक्विटी फर्मों की कंसोर्टियम भी एवरस्टोन की हिस्सेदारी रेस्टोरेंट ब्रांड्स एशिया (Restaurant Brands Asia) में खरीदना चाहती हैं। यह जानकारी सीएनबीसी-आवाज को सूत्रों के हवाले से मिली है।
Jubilant Foodworks की बोर्ड बैठक में हो चुकी है चर्चा
एवरस्टोन सिंगापुर में स्थित होल्डिंग कंपनी में हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है। इस डील में ओपन ऑफर रखा जा सकता है और इस पर अगले महीने आखिरी फैसला लिया जा सकता है। वहीं दूसरी तरफ सूत्रों के मुताबिक जुबिलैंट फूडवर्क्स ने 17 मई को जब मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए थे, उस दिन बोर्ड की बैठक में रेस्टोरेंट्स ब्रांड्स एशिया के लिए बोली दाखिल करने पर भी चर्चा हुई थी।
इस कारण Burger King की लगी सेल
जानकारी के मुताबिक बर्गर किंग का कारोबार उम्मीद के मुताबिक अच्छा नहीं चल रहा है। एवरस्टोन को इन सब चीजों की ठीक करने में बहुत दिक्कतें आईं। वहीं दूसरी तरफ जुबिलैंट फूडवर्क्स इसे लेकर इसलिए इतनी दिलचस्पी दिखा रही है क्योंकि रेस्टोरेंट ब्रांड्स एशिया इसके मौजूदा पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगी। अभी इसके देश भर में 391 बर्गर किंग के आउटलेट्स हैं। कंपनी ने वित्त वर्ष 2023 में 88 खोले थे और 12 आउटलेट्स बंद किए थे। मौजूदा वित्त वर्ष में इसका लक्ष्य आउटलेट्स की संख्या बढ़ाकर 450 करने की है।