आदित्य बिड़ला ग्रुप के मालिकाना हक वाली कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट ने इंडिया सीमेंट्स में अतिरिक्त 32.72 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने की घोषणा की है। इस लेनदेन से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) क्रिकेट टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के ओनरशिप में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा। बता दें कि CSK का कंट्रोल इंडिया सीमेंट्स के प्रमोटर एन श्रीनिवासन और उनके परिवार के पास है। अल्ट्राटेक सीमेंट के बोर्ड ने आज 28 जुलाई को मीटिंग में इंडिया सीमेंट्स में हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मामले से जुड़े लोगों ने कहा कि इस ट्रांजेक्शन का सीएसके की नियंत्रक हिस्सेदारी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
