Crypto Price: क्रिप्टो मार्केट में आज कोहराम मचा हुआ है। मार्केट कैप के हिसाब से टॉप-10 का सिर्फ एक क्रिप्टो- ट्रॉन (Tron) ही ग्रीन जोन में है। वहीं दो और क्रिप्टो में ही मामूली गिरावट है और बाकी सभी में गिरावट तेज है। मार्केट कैप के हिसाब से सबसे बड़े क्रिप्टो बिटक्वॉइन (BitCoin) की बात करें तो यह चार फीसदी से अधिक कमजोर होकर 26 हजार डॉलर के नीचे आ गया है और मार्केट में इसकी हिस्सेदारी भी तेजी से नीचे गिरी है। एक बिटकॉइन अभी 4.43 फीसदी की गिरावट के साथ 25,997.64 डॉलर (21.51 लाख रुपये) के भाव (BitCoin Price) में मिल रहा है।
दूसरे सबसे बड़े क्रिप्टो एथेरियम (Ethereum) की चमक तीन फीसदी से अधिक फीकी हुई है। पूरे क्रिप्टो मार्केट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में वैश्विक मार्केट कैप में 3.47% की गिरावट आई है और यह 1.05 लाख करोड़ डॉलर (86.88 लाख करोड़ रुपये) रह गया है।
वीकली सिर्फ दो क्रिप्टो ग्रीन जोन में
मार्केट कैप के हिसाब से टॉप 10 क्रिप्टो में वीकली सिर्फ दो क्रिप्टो- डोजेक्वॉइन और ट्रॉन ग्रीन जोन में हैं। इनमें से डोजेक्वॉइन तो एक हफ्ते में दो फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है तो ट्रॉन में आधे फीसदी से कम ही तेजी है। वहीं दूसरी तरफ सात दिनों में सबसे अधिक सोलाना कमजोर हुआ है और यह 4 फीसदी से अधिक फिसला है। इसके बाद कार्डानो में ढाई फीसदी से अधिक, एक्सआरपी में एक फीसदी और बीएनबी-एथेरियम में आधे-आधे फीसदी की गिरावट है। इस दौरान बिटक्वॉइन में आधे फीसदी से थोड़ी कम गिरावट आई जबकि टेथर और यूएसडी क्वॉइन लगभग फ्लैट हैं।
टॉप 10 क्रिप्टोकरेंसीज में रूझान
सोर्स: कॉइनमार्केटकैप, भाव खबर लिखे जाने के समय
क्रिप्टो करेंसी के लेन-देन में उछाल
पिछले 24 घंटे में क्रिप्टो के लेन-देन में तेजी आई है। कॉइनमार्केटकैप पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक एक दिन में 3807 करोड़ डॉलर (3.15 लाख करोड़ रुपये) क्रिप्टो का लेन-देन हुआ जो पिछले दिन की तुलना में 33.74% अधिक रहा। पिछले 24 घंटे में क्रिप्टो मार्केट में BitCoin की स्थिति 0.49 फीसदी कमजोर हुई है और अब क्रिप्टो बाजार में इसकी हिस्सेदारी 48.37% है।