दुनिया भर में बैंकिंग संकट के गहराने की चिंता जताई जा रही है। हालांकि यूरोपियन सेंट्रल बैंक (European Central Bank) का मुख्य फोकस अभी भी महंगाई से जुड़ी चुनौतियों को दूर करने पर बना हुआ है और वह ब्याज दरों में पहले की तरफ बढ़ोतरी पर अड़ा रहा। जबकि कई निवेशकों ने सेंटीमेंट बेहतर होने तक उससे नीतियों में नरमी लाने की अपील की थी। यूरोपियन सेंट्रल बैंक (ECB) ने गुरुवार को इन अपीलों को नजरअंदाज करते हुए अपने मुख्य ब्याज दरों में 0.50% की बढ़ोतरी का ऐलान किया। ECB महंगाई पर काबू पाने के लिए पिछले कुछ समय रिकॉर्ड गति से ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर रहा है। बता दें कि ECB, यूरो जोन के तहत आने वाले यूरोप के 20 देशों का केंद्रीय बैंक है।
