गौतम अदाणी (Gautam Adani) अपने ग्रुप की एक कंपनी अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) की करीब 45 करोड़ डॉलर (करीब 3,680 करोड़ रुपये) की हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रहे हैं। फाइनेंशियल टाइम्स ने शुक्रवार 10 मार्च को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। अखबार ने कहा कि उसे कंपनी के तीन सूत्रों से पता चला है कि अदाणी ने 9 मार्च को अपने सीमेंट कारोबार का 4% से 5% प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के लिए ग्लोबल लेंडर्स से औपचारिक अनुरोध किया था। अदाणी ग्रुप से जुड़े एक और सूत्र ने अखबार को अंबुजा सीमेंट्स की हिस्सेदारी बेचने की योजना की पुष्टि की। हालांकि उसने कोई और जानकारी नहीं साझा किया।
बता दें कि अंबुजा सीमेंट्स में अदाणी ग्रुप की कीरब 63 फीसदी हिस्सेदारी है। ग्रुप ने पिछले साल ही करीब 10.5 अरब डॉलर की एक डील में इस सीमेंट कंपनी का अधिग्रहण किया था।
हमारे सहयोगी चैनल CNBC-TV18 ने इस मामले में अदाणी ग्रुप की प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की। हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं आया था।
इस बीच अंबुजा सीमेंट के शेयर शुक्रवार 10 मार्च को करीब 378 रुपये के भाव पर बंद हुए, जो पिछले बंद के मुकाबले 1.6 प्रतिशत कम था। मौजूदा बाजार भाव पर, कंपनी के 5% प्रतिशत हिस्सेदारी की वैल्यू करीब 46.5 अरब डॉलर आती है।
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि, इस हिस्सेदारी बेचने के पीछे समूह का इरादा अपने कर्ज के स्तर को कम करना हो सकता है, जो करीब 24 अरब डॉलर है। इसके अलावा पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में आई तगड़ी गिरावट के बाद निवेशकों के बीच विश्वास बहाल करना भी इसका उद्देश्य हो सकता है।
एक अमेरिकी शॉर्ट-सेलर फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च (Hindenburg Research) ने 24 जनवरी को अदाणी ग्रुप पर अकाउंटिंग फ्रॉड और स्टॉक में हेरफेर का आरोप लगाया था। अदाणी ग्रुप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। हालांकि इस रिपोर्ट के बाद उसके कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू में अबतक 100 अरब डॉलर तक की गिरावट आ चुकी है।