TCS, Infosys, Wipro: देश की 3 सबसे बड़ी IT कंपनियों में FY24 में घटे 64000 कर्मचारी

दुनिया भर में कमजोर मांग और ग्राहकों के तकनीकी खर्च में कटौती के चलते इन कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या घटी है। Tata Consultancy Services में वित्त वर्ष 2024 के दौरान कर्मचारियों की संख्या में 13,249 की कमी आई। Infosys में 23 वर्षों में पहली बार कर्मचारियों की संख्या घटी है। मार्च 2024 तक Wipro के कर्मचारियों की संख्या घटकर 2,34,054 रह गई

अपडेटेड Apr 20, 2024 पर 10:16 AM
भारत की आईटी सर्विसेज इंडस्ट्री, वैश्विक मैक्रोइकोनॉमिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक उतार-चढ़ाव के चलते दबाव महसूस कर रही है।

देश की तीन सबसे बड़ी इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (IT) कंपनियों टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस (Infosys) और विप्रो (Wipro) में वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 64,000 कर्मचारी कम हुए हैं। दुनिया भर में कमजोर मांग और ग्राहकों के तकनीकी खर्च में कटौती के चलते इन कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या घटी है। विप्रो ने 19 अप्रैल को मार्च तिमाही के वित्तीय नतीजों की घोषणा के दौरान कहा कि मार्च 2024 तक उसके कर्मचारियों की संख्या घटकर 2,34,054 रह गई, जो इससे एक साल पहले इसी महीने के अंत में 2,58,570 थी। इस तरह मार्च 2024 को खत्म हुए वित्त वर्ष के दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 24,516 की कमी आई।

विप्रो के चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर सौरभ गोविल ने कहा कि कर्मचारियों की संख्या में कमी मुख्य रूप से बाजार और मांग की दशाओं के साथ-साथ परिचालन दक्षता के कारण आई। उन्होंने कहा कि लॉन्ग टर्म में जैसे-जैसे कंपनी अधिक IP-बेस्ड प्लेटफॉर्म और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) की ओर बढ़ेगी, कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि के मामले में अंतर आ सकता है। भारत की आईटी सर्विसेज इंडस्ट्री, वैश्विक मैक्रोइकोनॉमिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक उतार-चढ़ाव के चलते दबाव महसूस कर रही है।

Infosys में कितने घटे कर्मचारी


देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस का कहना है कि मार्च 2024 के अंत में उसके कर्मचारियों की कुल संख्या 317,240 थी, जो पिछले साल की समान अवधि में 343,234 थी। इस तरह वित्त वर्ष 2024 के दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 25,994 की कमी आई। इंफोसिस में 23 वर्षों में पहली बार कर्मचारियों की संख्या घटी है।

इंफोसिस के CFO जयेश संघराजका ने 18 अप्रैल को कंपनी के Q4 परिणामों के दौरान कहा था, 'जब हमने शुरुआत की थी, तो ट्रेनीज सहित हमारा यूटिलाइजेशन 77 प्रतिशत था। उस समय विकास का माहौल अलग था। हमारा यूटिलाइजेशन 82-83 प्रतिशत तक बढ़ गया है। हमारा एट्रिशन (कंपनी छोड़कर जाने की दर) भी काफी कम हो गया है। यही कर्मचारियों की संख्या में कमी का कारण है।'

Infosys Q4 Results: अनुमानों से बेहतर रहा कंपनी का मुनाफा, डबल डिविडेंड का भी ऐलान

TCS में क्या हाल

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS में भी वित्त वर्ष 2024 के दौरान कर्मचारियों की संख्या में 13,249 की कमी आई। बीते वित्त वर्ष के अंत में इसके कुल 601,546 कर्मचारी थे। TCS में 19 वर्षों में पहली बार कर्मचारियों की संख्या गिरी है।

Elon Musk का टल सकता है भारत दौरा: CNBC-TV18

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।