देश की तीन सबसे बड़ी इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (IT) कंपनियों टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस (Infosys) और विप्रो (Wipro) में वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 64,000 कर्मचारी कम हुए हैं। दुनिया भर में कमजोर मांग और ग्राहकों के तकनीकी खर्च में कटौती के चलते इन कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या घटी है। विप्रो ने 19 अप्रैल को मार्च तिमाही के वित्तीय नतीजों की घोषणा के दौरान कहा कि मार्च 2024 तक उसके कर्मचारियों की संख्या घटकर 2,34,054 रह गई, जो इससे एक साल पहले इसी महीने के अंत में 2,58,570 थी। इस तरह मार्च 2024 को खत्म हुए वित्त वर्ष के दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 24,516 की कमी आई।
