IndiGo एयरलाइंस पर DGCA ने लगाया 30 लाख रुपये का जुर्माना, जानिए क्यों

IndiGo: अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पिछले दिनों लैंडिग के समय फ्लाइट का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया था, जिसके बाद ये कार्रवाई हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डीजीसीए ने इससे पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान फ्लाइट के जमीन से टकराने की घटना के बाद इंडिगो के एक कैप्टन का लाइसेंस तीन महीने के लिए और एक को-पायलट का लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित कर दिया था

अपडेटेड Jul 28, 2023 पर 4:02 PM
Story continues below Advertisement
IndiGo: अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंडिग के समय फ्लाइट का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया था

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 6 महीने में चार टेल स्ट्राइक (Tail Strikes) के कारण इंडिगो एयरलाइंस पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। घटनाओं के ऑडिट के दौरान सरकार के नागरिक उड्डयन निकाय ने इंडिगो की ट्रेनिंग और इंजीनियरिंग प्रक्रिया में कमी पाई है। आपके बता दें कि DGCA ने हाल ही में इंडिगो के कैप्टन और को-पायलट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पिछले दिनों लैंडिग के समय फ्लाइट का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया था, जिसके बाद ये कार्रवाई हुई है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि डीजीसीए ने इससे पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान फ्लाइट के जमीन से टकराने की घटना के बाद इंडिगो के एक कैप्टन का लाइसेंस तीन महीने के लिए और एक को-पायलट का लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित कर दिया था।

क्या है पूरा मामला?


दरअसल, बेंगलुरु से अहमदाबाद (Bengaluru-Ahmedabad flight) आ रहा इंडिगो एयरलाइंस के फ्लाइट का पिछला हिस्सा पिछले महीने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरने के दौरान जमीन से टकरा गया था। इस घटना के बाद DGCA ने इंडिगो के एक कैप्टन का लाइसेंस तीन महीने और एक को-पायलट का लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 15 जून को हुई विमान दुर्घटना को लेकर की गई है। घटना का संज्ञान लेते हुए DGCA ने उस वक्त दुर्घटनाग्रस्त फ्लाइट के पायलटों के प्लेन उड़ाने पर रोक लगाने का आदेश दिया था। साथ ही घटना की जांच के भी आदेश दिए थे। अब रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की गई है।

6 महीने में 4 बड़ी घटना

इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6595 बेंगलुरु से अहमदाबाद जा रही थी। इस दौरान एयरपोर्ट पर लैंडिग के समय फ्लाइट का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया था। इंडिगो ने एक बयान में कहा था कि फ्लाइट को जरूरी असेसमेंट और मरम्मत के लिए अहमदाबाद एयरपोर्ट पर रोक दिया गया था। घटना की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

वहीं, जून में इंडिगो की एक अन्य फ्लाइट को मुंबई में उतरने का प्रयास करते समय चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति का सामना करना पड़ा था। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के प्रभाव के कारण लखनऊ-मुंबई फ्लाइट 6E-2441 को अपनी लैंडिंग रोकनी पड़ी थी। परिणामस्वरूप, फ्लाइट को उदयपुर की ओर डॉयबर्ट किया गया, जहां लैंडिंग के दौरान उसे और कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद, मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने के दो असफल प्रयासों के बाद फ्लाइट की उदयपुर में लैंडिंग की गई। इससे पहले 11 जून को कोलकाता से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे इंडिगो एयरबस A321 विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया था।

ये भी पढ़ें- IndiGo फ्लाइट का पिछला हिस्सा अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टकराया, कैप्टन और को-पायलट का लाइसेंस सस्पेंड

घटना के बाद DGCA ने इंडिगो को पायलटों के विमान उड़ाने पर रोक लगाने का आदेश दिया था। इंडिगो ने एक बयान में घटना की पुष्टि की थी और कहा था कि फ्लाइट का निरीक्षण किया जा रहा है। छह महीने के अंदर यात्रियों की जान को खतरे में डालने के बाद एयरलाइंस के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।