Infosys News: आईटी सेक्टर में बढ़ती अनिश्चितताओं के बीच दिग्गज कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने एंप्लॉयीज के मार्च तिमाही के औसतन वैरिएबल पेआउट में कटौती कर दी है। एंप्लॉयीज को इसके बारे में जानकारी दे दी गई है। इसे इस महीने मई में सैलरी के साथ दिया जाएगा। मनीकंट्रोल को जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक औसतन पेआउट 60 फीसदी होगा लेकिन एंप्लॉयी का फाइनल वैरिएबल पेआउट उनके यूनिट या डिपार्टमेंट गाइडलाइन्स पर निर्भर करेगा। इसके अलावा यह पे ग्रेड और डिपार्टमेंट्स के हिसाब से भी तय होगा। इससे पहले जून 2022 तिमाही में यह पेआउट 70 फीसदी था जो अगली तिमाही में घटकर 65 फीसदी पर आ गया और अब मार्च 2023 तिमाही में 60 फीसदी हो गया।
बाकी आईटी कंपनियों की क्या है स्थिति
इंफोसिस ने एंप्लॉयीज के मार्च तिमाही के वैरिएबल पे को घटाकर 60 फीसदी कर दिया है। यह देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस के मुकाबले बहुत कम है। टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने पूरे वित्त वर्ष 2022-23 शत प्रतशित यानी 100 फीसदी तक वैरिएबल पे दिया। वहीं एक और दिग्गज आईटी कंपनी विप्रो की बात करें तो इसने मार्च तिमाही के वैरिएबल पे का अभी ऐलान नहीं किया है लेकिन बाकी तिमाहियों की बात करें तो जून तिमाही में इसने 70 फीसदी तक, सितंबर तिमाही में 100 फीसदी और दिसंबर 2022 तिमाही में 87 फीसदी वैरिएबल पे दिया।
इंफोसिस ने अपने एंप्लॉयीज को जो मेल भेजा है, उसमें लिखा है कि ओवरऑल वित्त वर्ष 2023 बहुत बेहतरीन रहा लेकिन मार्च तिमाही में बाजार के उतार-चढ़ाव और अप्रत्याशित घटनाओं के चलते इसका कारोबार प्रभावित हुआ। कंपनी ने एंप्लॉयीज को बाजार में बदलाव के प्रति सतर्क रहने और कारोबार के लिए बदलते माहौल को एक अवसर के रूप में देखने को कहा है।
अब अगर मार्च तिमाही में कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 5,695 करोड़ रुपये 7.7 फीसदी उछलकर लेकिन तिमाही आधार पर 6,586 करोड़ रुपये से 6.13 फीसदी गिरकर 6,134 करोड़ रुपये पर आ गया। कंपनी के कंसालिडेटेड ऑपरेशनल रेवेन्यू भी मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 32,276 करोड़ रुपये से 16 फीसदी बढ़कर लेकिन तिमाही आधार पर 38,318 करोड़ रुपये से 2.28 फीसदी गिरकर 37,441 करोड़ रुपये पर आ गया।