केंद्र सरकार एक बार फिर लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) के चेयरमैन एम आर कुमार (M.R. Kumar) को सेवा विस्तार देने की तैयारी में है। हमारे सहयोगी न्यूज चैनल CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एम आर कुमार के कार्यकाल को 6 महीने के लिए बढ़ा सकती है। उनका मौजूदा कार्यकाल एक साल के सेवा विस्तार के बाद 13 मार्च 2023 में खत्म हो रहा है। अगर कुमार का कार्यकाल बढ़ता है, तो यह तीसरी बार होगा जब उन्हें बतौर LIC चेयरेमैन सेवा विस्तार दिया जाएगा। M R Kumar को सरकार ने पहली बार मार्च 2019 में LIC का चेयरमैन नियुक्त किया था और तब से वह इस पद पर बने हुए हैं। चेयरमैन पद पर नियुक्ति से पहले वह LIC में जोनल मैनेजर (दिल्ली) थे।
चेयरमैन बनने के बाद MR Kumar का पहला कार्यकाल जुलाई 2021 मे खत्म हो रहा था, जिसे सरकार ने 6 महीने बढ़ाकर मार्च 2022 कर दिया था। फिर मार्च 2022 में एक साल का और सेवा विस्तार देकर उनके कार्यकाल को मार्च 2023 तक बढ़ा दिया गया।
M R Kumar के तीसरे कार्यकाल के दौरान ही एलआईसी की शेयर बाजार में लिस्टिंग हुई। साथ ही IDBI बैंक में विनिवेश की प्रक्रिया शुरू हुई, जो एलआईसी की एक सहयोगी कंपनी है।
M R Kumar को सेवा विस्तार दिए जाने की अटकलें इसलिए भी तेज है क्योंकि उनका मौजूदा कार्यकाल खत्म होने में एक महीने से कम समय बचा है। इसके बावजूद सरकार ने अभी तक LIC के चेयरमैन पद पर नियुक्ति को लेकर आवेदन मंगाने की प्रक्रिया अभी तक नहीं शुरू की है।
M R Kumar ने हाल ही में LIC के दिसंबर तिमाही के नतीजों के बाद CNBC-TV18 से बात की थी। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें सरकार एक और सेवा विस्तार देने की तैयारी में है, या फिर इस पद पर किसी दूसरे व्यक्ति या किसी प्राइवेट सेक्टर के अनुभवी आदमी को बाहर से लाने की तैयारी है? इस पर कुमार ने कहा, "मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा। यह ऐसी चीज है जिस पर सरकार फैसला लेती है। बाहरी व्यक्ति को लाने की जहां तक बात है, तो अभी तक ऐसा कभी नहीं हुआ है। हमेशा से LIC के अंदर से किसी पदाधिकारी को ये जिम्मेदारी मिलती रही है। मुझे इसमें बदलाव का कोई कारण नहीं दिखता है। हां अगर कोई कारण है, तो इस पर सरकार ही अंतिम फैसला लेगी।"
इस बीच LIC के शेयर आज एनएसई पर 0.77% फीसदी गिरकर 598.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 14.68 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले साल मई में लिस्टिंग के बाद से अब तक इसके शेयर करीब 31.68% फीसदी गिर चुके हैं।