मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (Maruti Suzuki India Limited or MSIL) वित्त वर्ष 2030-31 तक 50,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने का प्लान कर रही है। इस निवेश में से 45,000 करोड़ रुपये उत्पादन क्षमता को दोगुना कर 40 लाख व्हीकल्स सालाना करने के लिए अलोकेट किया गया है। यह बात बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट में कही गई है। रिपोर्ट में कंपनी के चेयरमैन आरसी भार्गव के हवाले से कहा गया है कि सप्लाई चेन बेहतर बनाने, एक्सपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करने, मार्केटिंग और बिक्री टीमों को मजबूत करने, वेंडर्स को सपोर्ट करने की दिशा में भी इतने बड़े निवेश का इस्तेमाल किया जाएगा।
मारुति सुजुकी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2031 तक व्हीकल्स के एक्सपोर्ट को 750,000 व्हीकल्स पर ले जाने का है। वर्तमान में कंपनी 250,000 व्हीकल्स का एक्सपोर्ट करती है। हरियाणा के खरखौदा में नई शुरू होने वाली दस लाख व्हीकल्स क्षमता की फैसिलिटी की पहली यूनिट साल 2025 की शुरुआत में उत्पादन शुरू करने वाली है। इस यूनिट की वार्षिक क्षमता 250,000 वाहनों की होगी। जब तक प्लांट 10 लाख व्हीकल्स सालाना की पूर्ण क्षमता तक नहीं पहुंच जाता, तब तक कंपनी हर साल समान क्षमता का विस्तार करेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके अलावा, 10 लाख व्हीकल्स की वार्षिक क्षमता वाले दूसरे प्लांट के लिए जगह को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत चल रही है। इस प्लांट के वित्त वर्ष 2027 तक चालू होने की उम्मीद है।
भार्गव के मुताबिक, 10 लाख व्हीकल्स सालाना क्षमता वाला प्लांट स्थापित करने में 22,000 करोड़ रुपये से 23,000 करोड़ रुपये लगते हैं। तो ऐसे में केवल प्लांट्स पर ही 45,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो जाएंगे। साथ ही सेल्स और मार्केटिंग प्रयासों को बढ़ाने, निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि को एकोमोटेड करने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य पहलों के लिए पर्याप्त निवेश जरूरी होगा। कंपनी इस व्यापक निवेश योजना को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। मारुति की प्रमुख विस्तार जरूरतों को देखते हुए 50,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की उम्मीद है।
Q1 में 145% बढ़ा था मुनाफा
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड का नेट प्रॉफिट 30 जून को समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 145.3 प्रतिशत उछलकर 2,485.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया था। एक साल पहले की इसी तिमाही में कंपनी ने 1,012.8 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। जनवरी-मार्च 2023 तिमाही में कंपनी ने 2,623.6 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था। जुलाई-सितंबर 2023 के लिए वित्तीय नतीजे जारी होना अभी बाकी है। सितंबर 2023 में मारुति सुजुकी इंडिया की कुल वाहन बिक्री सालाना आधार पर 3 प्रतिशत बढ़कर 1,81,343 व्हीकल्स रही। घरेलू बाजार में पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री सितंबर 2023 में 2 प्रतिशत बढ़कर 1,50,812 रही। अप्रैल-सितंबर के दौरान कंपनी ने वाहन डीलरों को 10,50,085 गाड़ियां बेचीं।