Tata Group Stocks: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने शेयरों के बायबैक का ऐलान क्या किया, कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी इसके शेयरों को लेकर निवेशक टूट पड़े हैं। जोरदार खरीदारी के चलते इसके शेयर इंट्रा-डे में डेढ़ फीसदी से अधिक उछलकर एक साल के हाई लेवल पर पहुंच गए। इस तेजी का फायदा उठाते हुए कुछ निवेशकों ने मुनाफावसूली की जिसके चलते भाव नरम हुए हैं लेकिन अभी भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। दिन के आखिरी में बीएसई पर यह 0.47 फीसदी की मजबूती के साथ 3637.25 रुपये पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 1.65 फीसदी चढ़कर 3680.00 रुपये (TCS Share Price) पर पहुंच गया था। वहीं BSE Sensex की बात करें तो इसमें करीब 0.40 फीसदी की गिरावट दिख रही है।
Share Buyback को लेकर क्या कहा TCS ने
टीसीएस ने 6 अक्टूबर को एक्सचेंज फाइलिंग में शेयर बायबैक को लेकर जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स कंपनी के शेयरों को निवेशकों से वापस खरीदने यानी बायबैक के प्रस्ताव पर विचार करेगा। इस पर 11 अक्टूबर को होने वाली बैठक में विचार किया जाएगा।
बायबैक के ऐलान का आज टीसीएस के शेयरों पर पॉजिटिव असर दिख रहा है। हालांकि विदेशी ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनले का मानना है कि इससे अधिक तेजी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए क्योंकि पिछली दो तिमाहियों से मार्केट इसे पक्के तौर पर मानकर चल रहा था। इस साल की शुरुआत में इन्फोसिस ने फरवरी में 9300 करोड़ रुपये के 6.04 करोड़ और विप्रो ने जून में 12000 करोड़ रुपये के अपने सबसे बड़े बायबैक ऑफर का ऐलान किया था। ऐसे में बायबैक की बजाय मार्केट की निगाहें इसकी सितंबर तिमाही के नतीजे पर है।
बीएंडके सिक्योरिटीज के एनालिस्ट्स का मानना है कि सितंबर तिमाही में इसकी कमाई तिमाही आधार पर करीब 1 फीसदी बढ़ सकती है जबकि जेफरीज का मानना है कि इसका मार्जिन 0.20-0.40 फीसदी बढ़ सकता है। मजबूत ऑर्डरबुक के बावजूद मॉर्गन स्टैनले का मानना है कि वित्त वर्ष 2024-वित्त वर्ष 2025 में इसकी कमाई सुस्त रह सकती है। मॉर्गन स्टैनले के मुताबिक इसका शेयर अभी पांच साल के औसत से प्रीमियम लेवल पर है यानी कि रिस्क-रिवार्ड के लिए माहौल नहीं है। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसे 3730 रुपये के टारगेट प्राइस पर इसे इक्वलवेट रेटिंग दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।