Premji Invest 3rd AI Bet: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो (Wipro) के फाउंडर और चेयरमैन अजीम प्रेमजी का फंड प्रेमजी इनवेस्ट पेरिस के एआई स्टार्टअप में निवेश करेगा। मनीकंट्रोल को सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है। जानकारी के मुताबिक प्रेमजी इनवेस्ट (Premji Invest) पेरिस के जेनेरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) स्टार्टअप पूलसाइडडॉटएआई (Poolside.ai) में 5 करोड़ डॉलर का निवेश करेगा। यह स्टार्टअप के 40 करोड़ डॉलर के फंडिंग राउंड का हिस्सा होगा यानी कि एआई स्टार्टअप फंडिंग जुटा रही है और इसी के तहत प्रेमजी इनवेस्ट इसमें 5 करोड़ डॉलर डालेगी।
पूलसाइड ने पिछले साल अगस्त में 12.6 करोड़ डॉलर जुटाए थे। इस बार यह 2 बिलियन यानी 200 करोड़ डॉलर के वैल्यूएशन पर फंड जुटा रही है। पूलसाइड दुनिया की तीसरी एआई कंपनी है जिसमें प्रेमजी इनवेस्ट पैसे डाल रही है। इससे पहले कान्वा (Canva) और हिप्पोक्रेटि एआई (Hippocratic AI) में भी इसने पैसे डाले थे।
किस मॉडल पर काम कर रही Poolside
पूलसाइड एक लार्ज लैंगुएज मॉडल (LLM) को प्रशिक्षित कर रही है जिसका फोकस सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट पर है। यह सॉफ्टवेयर प्रोजेक्ट्स के लाखों काम फटाफट कर सकेगी। इसने तीन-स्टेप अप्रोच तैयार किया है। पहले यह डेवलपर्स को एआई के इस्तेमाल से सॉफ्टवेयर बनाने में मदद करेगी। इसके बाद कोई भी शख्स एआई वाले इंसानी निर्देशों के जरिए इससे सॉफ्टवेयर तैयार कर सकेगा। फिर आखिरी चरण में इस सॉफ्टवेयर में बाकी सभी फील्ड के हिसाब से भी इस बनाया जाएगा। इस स्टार्टअप को Jason Warner और Eiso Kant ने अप्रैल 2023 में शुरू किया था।
Azim Premji खूब लगा रहे AI पर दांव
आने वाले समय में एआई बूम करेगा। इसी को देखते हुए अजीम प्रेमजी का निवेश फंड प्रेमजी फंड इस पर खूब दांव लगा रहा है। अप्रैल में सामने आया था कि इसने ऑस्ट्रेलिया के ग्राफिक डिजाइन फर्म कान्वा में पैसे डाले थे। उस समय कान्वा के एंप्लॉयीज ने जो शेयर बिक्री के लिए रखे थे, उसे प्रेमजी इनवेस्ट ने खरीदा था। मार्च में इसने हिप्पोक्रेटिक एआई के 5.3 करोड़ सीरीज-ए राउंड में पैसे डाले थे। इसमें जनरल कैटेलिस्ट, मेमोरियल हर्मन हेल्थ सिस्टम और एसवी एंजेल ने भी पैसे डाले। एकल निवेशक के साथ प्रेमजी इनवेस्ट देश का सबसे बड़ा वेंचर कैपिटल/प्राइवेट इक्विटी/पब्लिक मार्केट्स फंड है। यह 14.3 अरब डॉलर के एसेट्स मैनेज कर रही है।