IndusInd Bank News: सीईओ के इस्तीफे के बाद बैंक का कामकाज संभालने के लिए इंडसइंड बैंक ने कार्यकारी अधिकारियों की एक समिति गठित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मांगी थी। अब बैंक ने बुधवार को एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि आरबीआई ने औपचारिक तौर पर यह मंजूरी दे दी है। बैंक ने इस व्यवस्था की मांग अगले सीईओ की नियुक्ति तक के लिए की थी। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब डेरिवेटिव पोर्टफोलियो में अकाउंटिंग की गड़बड़ियों को लेकर बैंक लगातार सुर्खियों में है। एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार सौमित्र सेन और अनिल राव बैंक के कारोबार पर नजर रखेंगे और यह समिति बैंक के बोर्ड की निगरानी में काम करेगी।
