Subrata Roy: सहारा ग्रुप के फाउंडर सुब्रत रॉय का 75 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से थे बीमार

Subrata Roy Death: सहारा ग्रुप के फाउंडर सुब्रत रॉय का मंगलवार को मुंबई में 75 साल की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे।

अपडेटेड Nov 14, 2023 पर 11:52 PM
सुब्रत रॉय पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे

Subrata Roy Death: सहारा ग्रुप के फाउंडर सुब्रत रॉय का मंगलवार को मुंबई में 75 साल की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। मुंबई के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अपनी आखिरी सांसे लीं। जानकारी के मुताबिक, सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर कल 15 नवंबर को लखनऊ के सहारा शहर लाया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी।

1948 में जन्मे सुब्रत रॉय एक बंगाली परिवार से आते थे और सहारा इण्डिया परिवार के फाउंडर, मैनेजिंग एडिटर और चेयरमैन थे। दुनिया उन्हें 'सहाराश्री' के नाम से भी जानती थी। सुब्रत रॉय ने साल 1978 में सहारा इण्डिया परिवार की स्थापना की थी। 2000 के दशक में सहारा इंडिया का कारोबार अपने चरम पर था। उस वक्त एक रिपोर्ट में इसे भारतीय रेलवे के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा रोजगार देने वाली संस्था बताया गया था।

सहारा इंडिया ने आईपीएल में "पुणे वॉरियर्स इंडिया" नाम से टीम भी खरीदी थी, लेकिन बाद में बीसीसीआई से मतभेदों के चलते उन्होंने यह फ्रेंचाइजी छोड़ दी थी। सुब्रत रॉय इसके अलावा ग्रॉसवेनर हाउस, एमबी वैली सिटी, प्लाजा होटल, ड्रीम डाउनटाउन होटल के मालिक भी थे।


यह भी पढ़ें- Mutual Funds : इन स्मॉलकैप शेयरों में इक्विटी सेविंग फंड्स ने की खूब खरीदारी, क्या इनमें से कोई है आपके पास?

सुब्रत रॉय के निधन पर समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर दुख जताया। पार्टी ने लिखा, "सहाराश्री सुब्रत रॉय जी का निधन, अत्यंत दुःखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोकाकुल परिजनों को ये असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि !"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।