SpiceJet Shares: सस्ती हवाई सेवाएं मुहैया कराने वाली स्पाइसजेट QIP (क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट) के जरिए फंड जुटा रही है। कंपनी ने इसे लेकर एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है। इसका फ्लोर प्राइस भी फिक्स हो चुका है। यह क्यूआईपी कितना बड़ा है, इसके बारे में अधिकारिक तौर पर खुलासा तो नहीं हुआ है लेकिन कंपनी ने पहले खुलासा किया था कि इसे बोर्ड से 3 हजार करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी मिल चुकी है। शेयरों की बात करें तो इस साल स्पाइसजेट के शेयर करीब 30 फीसदी मजबूत हुए हैं और एक कारोबारी दिन पहले इंट्रा-डे में यह एक साल के रिकॉर्ड हाई 79.90 रुपये पर पहुंचा था। दिन के आखिरी में यह BSE पर 8.55 फीसदी की बढ़त के साथ 77.79 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
