टाटा समूह (Tata Group) अपने सुपर ऐप वेंचर में 1 अरब डॉलर की नई पूंजी लगाने पर विचार कर रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि ग्रुप अपने डिजिटल बिजनेस में सुधार करना चाहता है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वालों के हवाले से यह बात कही गई है। इससे पहले इसी साल की शुरुआत में टाटा ग्रुप ने सुपर ऐप वेंचर में 2 अरब डॉलर का निवेश किया था। डील आगे बढ़ने पर टाटा डिजिटल (Tata Digital) को आने वाले वर्ष में नई फंडिंग मिलेगी। टाटा डिजिटल, सुपर ऐप Tata Neu को रन करती है। Tata Neu को अप्रैल 2022 में लॉन्च किया गया था।
कहा जा रहा है कि टाटा समूह ने टाटा डिजिटल से अपने ऑपरेशंस स्ट्रीमलाइन करने और सुपर ऐप को और अधिक यूजर फ्रेंडली बनाने के लिए गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए कहा है। इसके अलावा ग्रुप का यह भी कहना है कि भविष्य की फंडिंग जरूरतों के लिए ग्लोबल सॉवरेन और फाइनेंशियल इन्वेस्टर्स का पता लगाया जाए। बता दें कि प्रतिद्वंदी कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स भी लगातार बाहरी स्रोतों से पैसे जुटा रही है। कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और केकेआर एंड कंपनी ने हाल के महीनों में रिलायंस रिटेल में 100 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर निवेश किया है।
लॉन्च होते ही आने लगी थीं शिकायतें
मामले की जानकारी रखने वालों का कहना है कि प्रस्ताव पर विचार-विमर्श जारी है और टाटा डिजिटल में टाटा समूह के पूंजी निवेश की डिटेल्स अभी भी बदल सकती हैं। Tata Neu चीन के Alipay और WeChat पर बेस्ड है। पिछले साल इसके लॉन्च के तुरंत बाद तकनीकी गड़बड़ियों और ग्राहकों की शिकायतें सामने आने लगीं। Tata Neu पर यूजर्स किराने का सामान और गैजेट खरीदने के साथ-साथ टाटा ग्रुप के तहत आने वाले ब्रांड्स से हवाई जहाज टिकट और रेस्टोरेंट की बुकिंग भी कर सकते हैं। ऐप में मेंबरशिप सर्विस भी है और यह बिल भुगतान, लोन और बीमा जैसे फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स की पेशकश भी करता है।
टाटा समूह ने अपने ई-कॉमर्स पोर्टफोलियो को मजबूत करने के लिए ऑनलाइन ग्रॉसरी प्लेटफॉर्म बिगबास्केट और ई-फार्मेसी 1mg जैसी कंपनियों का अधिग्रहण किया है। इसमें पिछले तीन वर्षों में 2 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया गया।