Titan की CaratLane ज्वैलरी लाइन FY25 में अमेरिका में करेगी एंट्री, Tanishq के विदेश में होंगे 40 स्टोर

कंपनी विदेश में भारतीय प्रवासियों की ओर से बढ़ती मांग को पूरा करना चाहती है। FY24 की दिसंबर तिमाही में, ज्वैलरी सेगमेंट में टाइटन की कुल आय 23 प्रतिशत बढ़कर 11,709 करोड़ रुपये दर्ज की गई। Titan की शुरुआत 1984 में Titan Watches Limited के तौर पर हुई थी। Fastrack भी टाइटन का ही ब्रांड है, जिसकी शुरुआत साल 2005 में हुई

अपडेटेड Mar 21, 2024 पर 9:30 AM
तनिष्क ने कोविड-19 महामारी के दौरान अक्टूबर 2020 में दुबई के मीना बाजार में अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय स्टोर खोला।

ज्वैलरी और घड़ी ब्रांड टाइटन (Titan) की कैरेटलेन (CaratLane) ज्वैलरी लाइन की अमेरिकी बाजार में शुरुआत वित्त वर्ष 2024-25 में हो सकती है। यह बात कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर सीके वेंकटरमन (C.K. Venkataraman) ने कही है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी विदेश में भारतीय प्रवासियों की ओर से बढ़ती मांग को पूरा करना चाहती है। तनिष्क वित्त वर्ष 2025 के अंत तक विदेश में 40 स्टोर के लक्ष्य तक पहुंच सकती है। तनिष्क ने कोविड-19 महामारी के दौरान अक्टूबर 2020 में दुबई के मीना बाजार में अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय स्टोर खोला। कंपनी ने जनवरी 2023 में न्यू जर्सी के लिटिल इंडिया में अपना पहला स्टोर लॉन्च किया।

वेंकटरमन ने एक इंटरव्यू में कहा, 'हमारे पास निकट अवधि के लिए अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के लिए एक लक्ष्य है, लेकिन मैं अभी इसे सार्वजनिक रूप से साझा करने के लिए तैयार नहीं हूं। लेकिन हमें उम्मीद है कि मार्च 2025 तक भारत के बाहर 40 तनिष्क स्टोर होंगे। यह देखते हुए कि 2020 के सितंबर महीने तक भारत के बाहर हमारा एक भी स्टोर नहीं था, अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में हमारे विकास की गति तेज है।'

आगे कहा, 'हम वर्तमान में भारतीय प्रवासियों पर फोकस कर रहे हैं, जो सिंगापुर, अमेरिका, कनाडा के कुछ शहरों, ब्रिटेन के कुछ शहरों, ऑस्ट्रेलिया के अलावा गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (GCC) देशों-UAE, ओमान, कतर, सऊदी आदि में काफी हद तक मौजूद हैं।


1984 में टाइटन की शुरुआत

Titan, टाटा ग्रुप की कंपनी है। इसकी शुरुआत 1984 में Titan Watches Limited के तौर पर हुई थी। साल 1994 में Titan ने Tanishq के जरिए ज्वैलरी सेगमेंट में कदम रखा और उसके बाद आईवियर सेगमेंट में Titan Eyeplus के माध्यम से एंट्री की। Fastrack भी टाइटन का ही ब्रांड है, जिसकी शुरुआत साल 2005 में हुई। FY24 की दिसंबर तिमाही में, ज्वैलरी सेगमेंट में टाइटन की कुल आय 23 प्रतिशत बढ़कर 11,709 करोड़ रुपये हो गई। भारतीय कारोबार में 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

R Systems International: सालभर में शेयर ने दिया 78% रिटर्न, 3 महीने में दूसरी बार मिल रहा इंटरिम डिविडेंड

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।