AI Spam Filter: फर्जी कॉल और SMS पर लगेगी लगाम, AI स्पैम फिल्टर स्थापित करेगा TRAI

1 मई से लागू नए नियम में TRAI ने एक AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) फिल्टर को शामिल किया है जिसके जरिए किसी भी यूजर्स के नंबर पर बैंकिंग या अन्य मार्केटिंग कंपनियों की तरफ से आने वाले फर्जी कॉल और मैसेज पर लगाम लग सकेगा। इस सर्विस के लागू होते ही यूजर्स को इन सभी फेक कॉल और मैसेज से छुटकारा मिल जाएगा

अपडेटेड May 01, 2023 पर 2:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Airtel ने AI फिल्टर लगाने की सुविधा शुरू कर दी है। वहीं, Jio जल्द ही इस फिल्टर को अपने यूजर्स के लिए लाने वाला है

अगर आप फर्जी कॉल और SMS से परेशान हो गए हैं तो आपको अब इससे हमेशा के लिए छुटकारा मिलने जा रहा है। जी हां, आज यानी 1 मई से टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने ग्राहकों को आने वाले फर्जी एवं प्रमोशनल कॉल्स एवं SMS के लिए नया नियम लागू कर दिया है। इस नए नियम का टारगेट फर्जी और स्पैम कॉल करने वाले यूजर्स होंगे। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1 मई से लागू नए नियम में TRAI ने एक AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) फिल्टर को शामिल किया है जिसके जरिए किसी भी यूजर्स के नंबर पर बैंकिंग या अन्य मार्केटिंग कंपनियों की तरफ से आने वाले फर्जी कॉल और मैसेज पर लगाम लग सकेगा।

इस सर्विस के लागू होते ही यूजर्स को इन सभी फेक कॉल और मैसेज से छुटकारा मिल जाएगा। ट्राई ने सभी टेलीकॉम कंपनियों को इस नए नियम को लेकर सूचित कर दिया है। इस नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्पैम फिल्टर को टेलीकॉम कंपनियां एक मई 2023 से फोन कॉल और मैसेज के लिए लगा देंगी। ट्राई ने अनिवार्य रूप से कहा है कि सभी दूरसंचार कंपनियां अपनी कॉल और SMS सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्पैम फिल्टर शामिल करना चाहिए।

यह कदम उन ग्राहकों के लिए एक राहत के रूप में आएगा जो रोजाना अवांछित स्पैम कॉल और मैसेज प्राप्त कर रहे हैं। रिपोर्टों से पता चलता है कि भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और रिलायंस जियो (Reliance Jio) जैसे दिग्गज टेलीकॉम कंपनियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फिल्टर सर्विस के कार्यान्वयन की घोषणा कर दी है। Airtel ने पहले ही इस बारे में आधिकारिक घोषणा कर दी है, जबकि Jio जल्द ही यह सर्विस शुरू करने की दिशा में काम कर रहा है।


ये भी पढ़ें- फर्जी दस्तावेज के मामले में आसाराम को मिली जमानत, रेप मामले में उम्रकैद की काट रहा है सजा

बता दें कि लंबे समय से स्मार्टफोन यूजर्स केंद्र सरकार से इस तरह के नियम को लाए जाने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों से प्रमोशनल कॉल्स और मैसेज के टेम्पलेट्स में बदलाव करने के लिए कहा था। साथ ही ऐसा फिल्टर लाने की अपील की थी, जिससे फर्जी कॉल और SMS पर लगाम लगई जा सके। नए नियम के आने से 10 डिजिट वाले नंबर जो कि प्रमोशनल और स्पैम से जुड़े होते हैं उनको हमेशा के लिए बंद किया जा सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।