टीवीएस मोटर कंपनी (TVS Motor) का लक्ष्य अगले एक साल में अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर रेंज का विस्तार करना है। दरअसल, कंपनी कई कीमतों पर ग्राहकों को प्रोडक्ट्स प्रदान करना चाहती है। कंपनी के एक सीनियर अधिकारी ने यह जानकारी दी। चेन्नई स्थित कंपनी के इस पोर्टफोलियो में अभी दो ई-स्कूटर हैं। वह भविष्य में अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल सेल्स इन्फ्रॉस्ट्रक्चर का विस्तार करने की भी योजना बना रही है। कंपनी एक इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर भी डेवलप कर रही है।
टीवीएस मोटर कंपनी के डायरेक्टर एवं चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) के. एन. राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘हम अगले साल पांच से 25 किलोवाट की रेंज में प्रोडक्ट्स की एक रेंज पेश करने की योजना बना रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि बाजार में मजबूत मांग के साथ कंपनी ने इलेक्ट्रिक स्कूटर आईक्यूब की प्रोडक्शन कैपिसिटी को प्रति माह 25,000 यूनिट तक बढ़ा दिया है। आगे इसे और बढ़ाने की योजना है।
मौजूदा तिमाही में टीवीएस एक्स की बिक्री होगी शुरू
टीवीएस ने मौजूदा तिमाही में अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर टीवीएस एक्स की बिक्री शुरू करने की योजना बनाई है। राधाकृष्णन ने कहा कि टीवीएस एक्स घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में अहम भूमिका निभाएगा। इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर के बारे में पूछे जाने पर राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘वह तैयार हो रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी थ्री-व्हीलर सेगमेंट पर फोकस कर रही है क्योंकि यह एक ऐसा स्पेस है जिसमें हमें सुधार की जरूरत है।’’