अनिश्चित मांग के माहौल के बीच भारत की टॉप 3 आईटी कंपनियों में से 2 ने अप्रैल-जून 2024 तिमाही में कर्मचारियों की संख्या में कुल 9988 की कमी दर्ज की। ये कंपनियां इंफोसिस (Infosys) और एचसीएल टेक्नोलोजिज (HCL Technologies) हैं। केवल एक कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि देखी। आईटी कंपनियां अपनी बेंच स्ट्रेंथ को कम कर रही हैं और पहले से भर्ती किए गए कर्मचारियों को डिप्लॉय कर रही हैं। कंपनियों का कहना है कि वे पहले मौजूदा कर्मचारियों को काम पर लगाएंगी, और जब मांग में तेजी आएगी तब भर्ती फिर से शुरू करेंगी।
तिमाही के दौरान टॉप 3 आईटी कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने अपनी वर्कफोर्स में 5,452 कर्मचारियों की वृद्धि की सूचना दी है। वहीं इंफोसिस और एचसीएलटेक ने इस दौरान अपने कर्मचारियों की संख्या में कुल मिलाकर 9,988 की गिरावट देखी। एचसीएलटेक ने अपने कर्मचारियों की संख्या में 8,080 की कमी देखी, जो कम से कम पिछले पांच वर्षों में सबसे बड़ी गिरावट है। इंफोसिस के कर्मचारियों की संख्या में 1,908 कर्मचारियों की कमी आई।
HCL Tech में कुल कितने कर्मचारी
HCL Tech ने कहा कि विनिवेश के कारण उसे लगभग 7,398 कर्मचारियों को गंवाना पड़ा। तिमाही के दौरान कर्मचारियों की कुल संख्या 219,401 रही। इससे पहले जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में HCL Tech ने इंडस्ट्री के रुख के उलट 2,725 कर्मचारियों को अपने साथ जोड़ा था और 3,096 फ्रेशर्स को हायर किया था। मार्च 2024 तिमाही में कंपनी में 227,481 कर्मचारी थे। जून 2024 तिमाही में HCL Tech ने 1,078 फ्रेशर्स को जोड़ा। कंपनी का प्लान वित्त वर्ष 2025 में 10,000 से अधिक फ्रेशर्स को अपने साथ जोड़ने का है। HCL Tech ने वित्त वर्ष 2024 में लगभग 1,537 कर्मचारियों की शुद्ध वृद्धि देखी। वहीं 12,141 फ्रेशर्स को जोड़ा।
Infosys में कुल कितने कर्मचारी
देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस में कर्मचारियों की संख्या में लगातार छठी तिमाही गिरावट रही। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही के दौरान उसके कर्मचारियों की संख्या में 1,908 की कमी आई। इसके पीछे मुख्य कारण इंफोसिस के हायरिंग मॉडल में बदलाव बताया जा रहा है क्योंकि कंपनी इस समय अपनी यूटिलाइजेशन रेट को बेहतर बनाने पर अधिक फोकस कर रही है। जून 2024 तिमाही के अंत में इंफोसिस के कर्मचारियों की कुल संख्या 315,332 रही, जो इससे पहले मार्च 2024 तिमाही के अंत में 336,294 थी।
TCS में कर्मचारियों की संख्या
TCS ने वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही अप्रैल-जून में शुद्ध आधार पर 5,452 कर्मचारियों को अपने साथ जोड़ा। इससे पहले लगातार 4 तिमाही वर्कफोर्स में गिरावट आई थी। वर्कफोर्स में ताजा एडिशन के साथ TCS में अब कर्मचारियों की संख्या 6,06,998 हो गई है। 31 मार्च 2024 तक कर्मचारियों की संख्या 6,01,546 थी। अप्रैल-जून 2024 तिमाही में लगभग 11,000 ट्रेनीज को हायर किया गया। कंपनी ने फ्रेशर्स की ऑनबोर्डिंग में देरी के पिछले सभी बैकलॉग को क्लियर कर लिया है। TCS इस साल करीब 40,000 नए कर्मचारियों को ऑनबोर्ड करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।