सार्वजनिक क्षेत्र के यूको बैंक (UCO Bank) ने हाल ही में कहा था कि वह इस दिवाली बैंक के टॉप 10 एनपीए बॉरोअर्स को मिठाई के डिब्बे भेजेगा। लेकिन अब बैंक ने यह फैसला वापस ले लिया है। ताजा सर्कुलर में बैंक ने कहा कि पहले के कम्युनिकेशन में शामिल निर्देश वापस लिए जाते हैं। इससे पहले 1 नवंबर के सर्कुलर में यूको बैंक ने कहा था, 'टॉप मैनेजमेंट ने प्रत्येक शाखा के टॉप 10 एनपीए बॉरोअर्स को मिठाई के पैकेट के डिस्ट्रीब्यूशन का सुझाव दिया है। ब्रांच हेड इन बॉरोअर्स से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे और उन्हें दिवाली के अवसर पर बधाई देते हुए मिठाई का पैकेट देंगे।'
इसके अलावा जोनल हेड्स को भी दिवाली के शुभ अवसर पर जोन के टॉप 10 एनपीए बॉरोअर्स से व्यक्तिगत रूप से मिलने और बधाई देने को कहा गया था। पिछले सर्कुलर में बैंक ने कहा था कि ऐसे ग्राहकों के साथ उचित जुड़ाव उनके और बैंक के बीच बनी दूरी को पाट सकता है। इस तरह की गतिविधि सहानुभूति और सद्भाव की संतुष्टि भी पैदा कर सकती है, जिससे कुछ बॉरोअर बैंक में अपना खाता रखने के लिए आगे आ सकते हैं।
जारी होने वाले हैं सितंबर तिमाही नतीजे
यूको बैंक के सितंबर तिमाही वित्तीय नतीजे 3 नवंबर, 2023 को आने वाले हैं। चालू वित्त वर्ष 2023-2024 की जून तिमाही में इसका शुद्ध लाभ 81 प्रतिशत बढ़कर 223.48 करोड़ रुपये रहा था। बैंक के ग्रॉस एनपीए पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही के 7.42 प्रतिशत से घटकर 4.48 प्रतिशत पर आ गए थे। वहीं नेट एनपीए 2.49 प्रतिशत से गिरकर 1.18 प्रतिशत हो गए थे।