अब विदेशों में भी PhonePe के ज़रिए कर सकेंगे ऑनलाइन पेमेंट, कंपनी ने शुरू की UPI इंटरनेशनल सर्विस

PhonePe के ज़रिए विदेश यात्रा करने वाले भारतीय UPI का इस्तेमाल करके फॉरेन मर्चेंट्स को भुगतान कर सकते हैं। फोनपे इस तरह की फैसिलिटी देने वाला देश का पहला फिनटेक प्लेटफॉर्म है। इस सुविधा के तहत ट्रांजेक्शन ठीक उसी तरह काम करेगा जैसे वे एक इंटरनेशनल डेबिट कार्ड के साथ करते हैं

अपडेटेड Feb 07, 2023 पर 3:55 PM
Story continues below Advertisement
ऑनलाइन पेमेंट ऐप फोनपे (PhonePe) विदेश में UPI पेमेंट की सुविधा देने वाला पहला भारतीय फिनटेक बन गया है।

ऑनलाइन पेमेंट ऐप फोनपे (PhonePe) विदेश में UPI पेमेंट की सुविधा देने वाला पहला भारतीय फिनटेक बन गया है। कंपनी ने UPI के ज़रिए इंटरनेशनल पेमेंट की सुविधा शुरू करने का ऐलान किया है। इसके ज़रिए विदेश यात्रा करने वाले भारतीय UPI का इस्तेमाल करके फॉरेन मर्चेंट्स को भुगतान कर सकते हैं। PhonePe इस तरह की फैसिलिटी देने वाला देश का पहला फिनटेक प्लेटफॉर्म है। इस सुविधा के तहत ट्रांजेक्शन ठीक उसी तरह काम करेगा जैसे वे एक इंटरनेशनल डेबिट कार्ड के साथ करते हैं। पेमेंट करने पर फॉरेन करेंसी यूजर के बैंक अकाउंट से काट ली जाएगी।

देश के बाहर इस तरह कर सकेंगे यूपीआई पेमेंट

PhonePe यूजर ऐप पर UPI इंटरनेशनल के लिए UPI से लिंक्ड बैंक अकाउंट को एक्टिवेट कर सकता है। कंपनी ने कहा कि यह या तो उस लोकेशन पर किया जा सकता है जहां वे पेमेंट करना चाहते हैं या यात्रा से पहले। इस सर्विस को एक्टिवेट करने के लिए यूजर को UPI पिन दर्ज करने की जरूरत होती है। इस सुविधा के चलते अब ग्राहक को भारत के बाहर भुगतान करने के लिए क्रेडिट कार्ड या फॉरेक्स कार्ड की आवश्यकता नहीं होगी। कंपनी के अनुसार, फिलहाल इस फीचर में जिन देशों को शामिल किया जाएगा उनमें संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सिंगापुर, मॉरीशस, नेपाल और भूटान शामिल हैं।


कंपनी का बयान

फोनपे भारत में सबसे पॉपुलर ऑनलाइन पेमेंट ऐप है जिसकी कुल यूपीआई लेनदेन में लगभग 49 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी के को-फाउंडर और CTO राहुल चारी ने कहा, “यूपीआई इंटरनेशनल बाकी दुनिया को भी यूपीआई का अनुभव देने की दिशा में पहला बड़ा कदम है। मुझे यकीन है कि यह लॉन्च एक गेमचेंजर साबित होगा और विदेशों में मर्चेंट आउटलेट्स पर विदेशों में यात्रा करने वाले भारतीयों के भुगतान के तरीके को पूरी तरह से बदल देगा।” UPI इंटरनेशनल को और अधिक देशों में शुरू किए जाने की उम्मीद है। पिछले महीने नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने कहा कि 10 देशों- सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, हांगकांग, ओमान, कतर, यूएसए, सऊदी अरब, यूएई और यूनाइटेड किंगडम के एनआरआई को जल्द ही भारतीय फोन नंबर के बिना यूपीआई पेमेंट की सुविधा दी जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।