नास्डाक (Nasdaq) पर लिस्टेड सॉफ्टवेयर-ऐज-अ-सर्विस (SaaS) कंपनी फ्रेशवर्क्स (Freshworks) के सीईओ और प्रेसिडेंट का कामकाज अब डेनिस वुडसाइड (Dennis Woodside) के पास है। उन्होंने फ्रेशवर्क्स के को-फाउंडर गिरीश मथरुबूथम (Girish Mathrubootham) की जगह ली है और गिरीश अब एग्जेक्यूटिव चेयरमैन की नई भूमिका में होंगे। दोनों ही कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में बने रहेंगे। खास बात ये है कि डेनिस वुडसाइड ने कंपनी के फाउंडर्स की जगह ली है। उनका कैरियर प्रोफाइल काफी शानदार है और उन्होंने गूगल में भी लंबे समय तक काम किया है। उन्होंने कई कंपनियों के रेवेन्यू को कई गुना बढ़ा दिया तो एक कंपनी को स्टॉक मार्केट में लिस्ट करने में भी अहम भूमिका निभाई।
Dennis Woodside के बारे में
डेनिस वुडसाइड 1 सितंबर 2022 को प्रेसिडेंट के रूप में फ्रेशवर्क्स की एग्जेक्यूटिव लीडरशिप टीम में शामिल हुए। उनका काम कंपनी के वैश्विक कारोबार को संभालने और स्ट्रैटेजी का था। फ्रेशवर्क्स से पहले वह कैलिफोर्निया में इम्पॉसिबल फूड्स के प्रेसिडेंट के रूप में काम कर चुके थे, जहां उन्होंने तीन साल से अधिक समय तक ऑपरेशंस, मैनुफैक्चरिंग, सप्लाई चेन, सेल्स, मार्केटिंग, एचआर समेत कई कार्यों की निगरानी की। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक इम्पॉसिबल फूड्स में उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी का रेवेन्यू करीब 10 गुना बढ़ गया।
इम्पॉसिबल फूड्स से पहले वह ड्रॉपबॉक्स के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर थे, जहां उन्होंने चार साल तक सभी ग्राहकों से जुड़े कार्य और रेवेन्यू जेनेरेशन का काम संभाला। उनके लिंक्डइन खाते के अनुसार 4.5 साल की अवधि में उन्होंने इस SaaS कंपनी का राजस्व करीब $30 करोड़ डॉलर से $140 करोड़ तक पहुंचा दिया। उन्होंने कंपनी को लिस्ट करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वुडसाइड ने 2003 से 2012 यानी नौ साल तक गूगल में सेल्स के कई पदों पर काम किया जिसमें विकासशील देशों के लिए एमडी, यूके में सेल्स के लिए वाइस प्रेसिडेंट और अमेरिका में प्रेसिडेंट का काम शामिल है। उन्होंने गूगल के 1800 करोड़ डॉलर के ऐड सेल्स बिजनेस के काम की निगरानी की।
मई 2012 से अप्रैल 2014 तक वुडसाइड ने मोटोरोला मोबिलिटी एलएलसी के लिए सीईओ के रूप में कार्य किया, और गूगल ने जब कंपनी को खरीद लिया तो उन्होंने सीधे सीधे लैरी पेज को रिपोर्ट किया। वुडसाइड ने अमेरिकन रेड क्रॉस के बोर्ड में कार्य किया और पहले 2018 से 2022 तक सर्विसनाउ के बोर्ड में थे।