Wipro में एक साल बाद फिर से शुरू होंगी भर्तियां, FY25 में हायर करेगी 12000 तक कर्मचारी

Wipro वित्त वर्ष 2025 में अपने सभी बैकलॉग ऑफर्स को क्लियर करेगी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए भी 10,000-12,000 की सीमा में नियुक्तियां करने की योजना बनाई है। विप्रो का अप्रैल-जून 2024 तिमाही में कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 4.6 प्रतिशत बढ़कर 3,003.2 करोड़ रुपये रहा। आय 3.8 प्रतिशत घटकर 21,963.8 करोड़ रुपये रही

अपडेटेड Jul 20, 2024 पर 4:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अप्रैल-जून 2024 तिमाही में Wipro ने 3,000 से अधिक फ्रेशर्स को अपने साथ जोड़ा।

Wipro Hiring: आईटी कंपनी विप्रो, नियुक्ति गतिविधियों को फिर से शुरू करने वाली है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में 10,000 से 12,000 लोगों को नियुक्त करने की योजना बनाई है। इसमें ऑन कैंपस और ऑफ कैंपस हायरिंग भी शामिल हैं। विप्रो में लगातार दो पूर्ण वित्त वर्षों के दौरान कर्मचारियों की संख्या में गिरावट देखी गई है। अप्रैल-जून 2024 तिमाही में विप्रो ने 3,000 से अधिक फ्रेशर्स को अपने साथ जोड़ा। इसके साथ ही कर्मचारियों की संख्या में लगातार 6 तिमाहियों में गिरावट के बाद जून तिमाही में 337 कर्मचारियों की वृद्धि दर्ज की। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए भी 10,000-12,000 की सीमा में नियुक्तियां करने की योजना बनाई है।

विप्रो के चीफ एचआर ऑफिसर सौरभ गोविल ने 19 जुलाई को कंपनी के जून 2024 तिमाही नतीजे जारी किए जाने के दौरान कहा कि विप्रो एक साल बाद फिर से हायरिंग करने वाली है। कंपनी वित्त वर्ष 2025 में अपने सभी बैकलॉग ऑफर्स को क्लियर करेगी। गोविल ने कहा कि विप्रो ने कुछ संस्थानों के साथ अपने संबंध और साझेदारी भी पूरी कर ली होगी। इसलिए हम इस साल ऑन कैंपस और ऑफ कैंपस नियुक्तियां करेंगे। हम अगले साल भी इतनी ही संख्या में नियुक्तियां करने की योजना बना रहे हैं।

नहीं आएंगे ऑफिस तो कटेगी छुट्टी! HCL Tech की कर्मचारियों के लिए नई वर्क पॉलिसी


दूसरी IT कंपनियों का क्या है प्लान

अन्य आईटी कंपनियों की बात करें तो HCL Tech का प्लान वित्त वर्ष 2025 में 10,000 से अधिक फ्रेशर्स को अपने साथ जोड़ने का है। जून 2024 तिमाही में HCL Tech ने 1,078 फ्रेशर्स को जोड़ा। कंपनी ने ​तिमाही के दौरान अपने कर्मचारियों की संख्या में 8,080 की कमी देखी। वहीं देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानि TCS इस साल करीब 40,000 नए कर्मचारियों को ऑनबोर्ड करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। जून तिमाही में TCS ने अपनी वर्कफोर्स में 5,452 कर्मचारियों की वृद्धि की सूचना दी है। तिमाही के दौरान लगभग 11,000 ट्रेनीज को हायर किया गया। LTIMindtree ने जून तिमाही में 1,400 फ्रेशर्स को नियुक्त किया।

Q1 में मुनाफा 5% बढ़ा

विप्रो का अप्रैल-जून 2024 तिमाही में कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 4.6 प्रतिशत बढ़कर 3,003.2 करोड़ रुपये रहा। हालांकि इस दौरान आय 3.8 प्रतिशत घटकर 21,963.8 करोड़ रुपये रही। कंपनी को आगामी जुलाई-सितंबर तिमाही में आईटी सर्विसेज कारोबार सेगमेंट से 260-265.2 करोड़ डॉलर तक आमदनी की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।