Xiaomi New Strategy: अब शाओमी के भारत में बने स्मार्टफोन की बिक्री पश्चिम एशिया के देशों में भी हो सकती है। स्मार्टफोन बनाने वाली चीन की दिग्गज कंपनी शाओमी (Xiaomi) 'मेड इन इंडिया' (Made in India) यानी यहां भारत में बने स्मार्टफोन को पश्चिमी एशिया के देशों में निर्यात करने की तैयारी में है। यह काम सितंबर तिमाही के आखिरी यानी अगले ढाई महीने के भीतर हो सकता है। इसके लिए कंपनी कांट्रैक्ट मैनुफैक्चरर डिक्सन टेक (Dixon Tech) और अन्य कंपनियों के साथ स्थानीय स्तर पर फोन बनाने के लिए बातचीत कर रही है। इसका खुलासा एक मीडिया रिपोर्ट से हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शाओमी की योजना अपने हैंडसेट में भारत में बने पार्ट्स का इस्तेमाल दोगुना कर 70 फीसदी तक ले जाने की है। हालांकि इसमें सेमीकंडक्टर यानी चिप नहीं शामिल है। अभी ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन और चीन की डीबीजी और बीवाईडी इसके फोन भारत में असेंबल करती हैं। हालांकि मनीकंट्रोल इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं कर सकता है।
मार्केटिंग स्ट्रैटजी भी बदल रही Xiaomi
शाओमी अब यहां अपनी मार्केटिंग रणनीति में भी बदलाव कर रही है। इसकी योजना हैंडसेट मॉडलों की संख्या को घटाने की है। इसके अलावा अब यह 10,000 रुपये से 15,000 रुपये के बीच की कीमत वाले स्मार्टफोन पर ध्यान बढ़ाएगी और इस प्राइस रेंज में नए प्रोडक्ट लेकर आएगी। यह अपनी ऑफलाइन मौजूदगी भी बढ़ाना चाहती है। अभी ऑफलाइन और ऑनलाइन बिक्री की हिस्सेदारी 50-50 फीसदी है और कंपनी ऑफलाइन बिक्री को 60 फीसदी तक पहुंचाना चाहती है।
अब निर्यात को लेकर बात करें तो कंपनी ने यूएई को मोबाइल फोन निर्यात करने की योजना के बारे में सरकार के साथ चर्चा की। इसके तहत पहले एंट्री लेवल और मिड-रेंज को फोन का निर्यात यूएई में किया जाएगा और फिर बाकी देशों में भी निर्यात होगा। शाओमी 100 से अधिक देशों में अपने स्मार्टफोन की बिक्री करती है और पश्चिमी एशिया इसके लिए अहम बाजार है।
निर्यात को लेकर मिनिस्ट्री लगातार दे रही जोर
चीन की मोबाइल कंपनियों को मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MeitY) अपने प्रोडक्ट्स यहां से बाहर भेजने को कहती रही है। मिनिस्ट्री ने चाइनीज कंपनियों के साथ कई बैठकों में जोर देकर कहा कि वे PLI (प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव) के तहत आने वाली यहां की इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग सर्विस (EMS) कंपनियों के साथ साझेदारी करें और जो प्रोडक्ट्स तैयार करें, उनका निर्यात करें।
मिनिस्ट्री ने इन बैठकों में चाइनीज कंपनियों को यहीं पर अपना प्रोडक्शन बढ़ाने को कहा है ताकि स्थानीय सप्लाई चेन डेवलप हो सके। मई में शाओमी ने मई में नोएडा की कांट्रैक्ट मैनुफैक्चरर ओप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स (Optiemus Electronics) के साथ ब्लूटूथ नेकबैंड इयरफोन बनाने के लिए कांट्रैक्ट किया था।