भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने दो अमेरिकी प्राइवेट इक्विटी फर्मों को यस बैंक (Yes Bank) में 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है। इन प्राइवेट इक्विटी फर्मों में द कार्लाइल ग्रुप (The Carlyle Group) और एडवेंट इंटरनेशल (Advent International) शामिल है। यस बैंक ने गुरुवार 1 दिसंबर को शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में यह जानकारी दी। बैंक ने अपने बयान में कहा कि RBI ने 30 नवंबर को अलग-अलग पत्रों में दोनों पीई फर्मों को 'सशर्त मंजूरी' दिए जाने की सूचना दी। अब दोनों फर्म बैंक के इक्विटी शेयरों और शेयर वारंट खरीदकर कुल पेड-अप शेयर कैपिटल का 9.99 फीसदी तक स्वामित्व ले सकती हैं।
यस बैंक ने कहा, "दोनों निवेशक RBI शर्तों का मूल्यांकन कर रहे हैं। बैंक कार्लाइल ग्रुप और एडवेंट के साथ मिलकर RBI से संपर्क करेगा कि इसकी अंतिम मंजूरी पाने के लिए शर्तों को जल्द पूरा किया जाए।" कार्लाइल ग्रुप और एडवेंट इंटरनेशनल दोनों को बैंक में पैसा लगाने के बदले में 184.8 करोड़ इक्विटी शेयर और 128.37 करोड़ वारटंस मिलेंगे।
YES Bank को मिलेंगे इस डील से 8,898.47 करोड़ रुपये
इस डील के तहत, एडवेंट इंटरनेशनल के मैनेज किए जाने वाले फंड्स का एक सहयोगी, वर्वेंटा होल्डिंग्स (Verventa Holdings) यस बैंक में 9.99 फीसदी शेयरों का अधिग्रहण करेगा। वहीं कार्लाइल ग्रुप (Carlyle Group) का नियंत्रण वाली CA बास्क इन्वेस्टमेंट्स भी बैंक में 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगा।
2020 से हिस्सेदारी खरीदने की चल रही है प्रक्रिया
मुश्किलों में घिरे Yes Bank को उबारने के लिए कार्लाइल ग्रुप और एडवेंट साल 2020 में आगे आई थीं। इस योजना के तहत दोनों पीई फर्मों की तरफ से यस बैंक में किया जाने वाला निवेश हाल के सालों में बैंकिंग सेक्टर में किए गए सबसे बड़े निवेशों में से एक होगा।
बैड लोन की गहरी समस्या में फंसे Yes Bank की हालत में उस थोड़ा सुधार हुआ, जब उसने अपने करीब 50,000 करोड़ रुपये के बैड लोन को हाल में गठित की गई एसेट रिस्ट्रक्चर कंपनी को ट्रांसफर कर दिए। इस एसेट रिस्ट्रक्चर कंपनी के गठन के लिए Yes Bank ने जेसी फ्लॉवर्स के साथ साझेदारी की थी।
इस साल 21.71% बढ़े Yes Bank के शेयर
इस बीच Yes Bank के शेयर गुरुवार को एनएसई पर 0.29 फीसदी गिरकर 17.10 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 10.32% फीसदी की तेजी आई है। वहीं इस साल की शुरुआत से अब तक इसके शेयरों में करीब 21.71% की तेजी आई है।