Eicher Motors Q2 Results: मिडिलवेट मोटरसाइकिल्स के मामले में वैश्विक स्तर पर जाना-माना ब्रांड Royal Enfield की पैरेंट कंपनी आयशर मोटर्स के लिए सितंबर 2022 तिमाही बेहतरीन रही। चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर में कंपनी का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट 76 फीसदी उछल गया।
वहीं रॉयल एनफील्ड की बिक्री में तेज उछाल रही। कंपनी ने सितंबर तिमाही के नतीजे आज 10 नवंबर को घोषित किए हैं। रेगुलेटरी फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक सितंबर 2022 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 55.8 फीसदी बढ़ गया।
Eicher Motors के सितंबर तिमाही रिजल्ट की खास बातें
सितंबर तिमाही में कंपनी आयशर मोटर्स का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 76 फीसदी की उछाल के साथ 656.86 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल सितंबर तिमाही में 373.20 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
ऑपरेशंस से कंपनी को 3453.43 करोड़ रुपये का कंसालिडेटेड रेवेन्यू हासिल हुआ। यह पिछले साल की समान तिमाही में 2216.40 करोड़ रुपये से 55.8 फीसदी अधिक रहा। EBITDA सालाना आधार पर 75 फीसदी की तेजी के साथ 821 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कॉमर्शियल गाड़ियों की मजबूत मांग ने आयशर मोटर्स के कॉमर्शियल व्हीकल बिजनेस में तेजी लाई। सितंबर तिमाही में वीई कॉमर्शियल व्हीकल्स (VECV) से कंपनी के मुनाफे का हिस्सा 44 करोड़ रुपये रहा जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह आंकड़ा 9.8 करोड़ रुपये था। इसके अलावा कंपनी के एमडी सिद्धार्थ लाल के मुताबिक नई हंटर 350 लॉन्च होने के चलते कारोबार और मजबूत हुआ है।
रॉयल एनफील्ड की बात करें तो पिछले साल की सितंबर तिमाही में इसकी 1,23,515 मोटरसाइकिल्स बिकी थीं। इस साल सितंबर तिमाही में रॉयल एनफील्ड ने 2,03,451 मोटरसाइकिलें बेचीं यानी पिछले साल की तुलना में 64.7 फीसदी अधिक।
नतीजे के पहले शेयरों में मामूली गिरावट
कमजोर मार्केट में आज आयशर मोटर्स के शेयरों में मामूली गिरावट दिखी। नतीजे के पहले इसके शेयर आज बीएसई पर 0.83 फीसदी की गिरावट के साथ 3701.75 रुपये के भाव (Eicher Motors Share Price) पर बंद हुए हैं। इसके शेयर 1 नवंबर 2022 को 3886 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचे थे।